Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गाजीपुर डबल मर्डर: अनुराग के खून का प्यासा था साहिल, तीन दिन पहले भी किया था प्रयास

    Updated: Sat, 22 Mar 2025 07:27 PM (IST)

    Ghazipur Double Murder - गाजीपुर में अमन और अनुराग की हत्या के मामले में पता चला है कि आरोपी साहिल अनुराग के खून का प्यासा था। अनुराग ने एक साल पहले साहिल और उसके पिता की पिटाई की थी जिसके बाद साहिल ने बदला लेने की योजना बनाई थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है लेकिन साहिल अभी भी फरार है।

    Hero Image
    अनुराग के खून का प्यासा था साहिल

    जागरण संवाददाता, गाजीपुर। अमन एवं अनुराग की हत्या के मामले में फरार चल रहा साहिल अनुराग के खून का प्यासा था। 

    करीब एक साल पहले अनुराग ने साथियों के साथ मिलकर साहिल एवं उसके पिता की पिटाई कर दी थी। उस समय साहिल के पिता का दांत भी टूट गया था। पिता को लगी चोट का बदला लेने का प्लान साहिल उसी समय से बना रहा था। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अपने प्लान में अंकित एवं मेराज को शामिल कर कुछ अन्य साथियों के साथ साहिल ने घटना को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद से ही साहिल फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है, लेकिन अब तक पुलिस उसे गिरफ्तार करने में नाकाम है।

    रंजिश की जड़ की कहानी

    सूत्रों की मानें तो चिलौना कला गांव निवासी सुभाष चौहान के पुत्र अमन एवं उसका बड़ा भाई पवन करीब एक वर्ष पहले उचौरी में साहिल के घर पर मजदूरी का काम कर रहे थे। उसी समय साहिल एवं उसके पिता गुड्डू से दोनों का विवाद हो गया था। 

    दोनों ने घर आकर अनुराग को सारा मामला बताया था, तब अनुराग ने एकौझी पुलिया के पास साहिल और उसकी परीक्षा दिलाने जा रहे उसके पिता गुड्डू की पिटाई अपने साथियों के साथ मिलकर कर दी थी। 

    उस झगड़े में साहिल के पिता का दांत टूट गया था। मामला खानपुर थाना गया था, लेकिन दोनों पक्षों ने आपस में सुलह कर लिया था। सुलह तो हाे गया था, लेकिन पिता की पिटाई साहिल भूल नहीं सका और वह अमन एवं अनुराग को मारने की फिराक में था। 

    कपड़े की दुकान चलाता है साहिल

    उचौरी बाजार में साहिल की कपड़े की दुकान है। वह शांतिपूर्वक अपना काम करता, लेकिन कई लड़कों को अपना साथी बना लिया। उसने अंकित व मेराज में से किसी एक को अनुराग को लाने के लिए भेजा। 

    दोनों काे बाइक से उचौरी बाजार के बाहर मलदहिया बगीचे में लाया गया। मलदहिया बगीचे में दोनों को पहले नशा कराया, जब दोनों नशे में बुत हो गए तो उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद साहिल भाग निकला। 

    हालांकि, अंकित एवं मेराज घटना के बाद भी कुछ समय तक उचौरी में थे, लेकिन बाद में वह भी निकल गए। पुलिस ने रात में इन दोनों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया, लेकिन अब तक साहिल समेत अज्ञात बदमाश पुलिस गिरफ्तार से बाहर है। 

    मामले में मृतक अनुराग के चाचा शैलेंद्र सिंह ने अंकित, मेराज एवं साहिल के अलावा पांच अज्ञात के खिलाफ नामजद मुकदमा कायम कराया है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही साहिल की तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है, शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    तीन दिन पहले भी अनुराग के घर के पास गया था साहिल 

    सूत्रों की मानें तो साहिल तीन दिन पहले शाम को अनुराग के घर गया था। साहिल कार से गया था और उसके साथ तीन चार और लड़के भी थे, लेकिन मौके की नजाकत को देखकर बातचीत करने के बाद वह वापस चला आया। शनिवार को अनुराग दिल्ली जाने वाला था, इस बीच शुक्रवार को डबल मर्डर कांड हुआ।

    उचौरी बाजार में नशे एवं असहले के सौदागर 

    उचौरी बाजार में नशा सामग्रियों एवं असलहे की तस्करी की शिकायत महीनों से मिल रही है, लेकिन अब तक पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पाई है। मलदहिया बगीचे में अमन एवं अनुराग के शव के पास भी पुड़िया में गांजा मिला था। लोग आपस में चर्चा कर रहे थे कि पहले दोनों को नशा कराया गया, इसके बाद गोली मारी गई होगी।

    अमन की मां ने किया था मना

    अनुराग को लेने के लिए बाइक सवार गांव के शिवालय के पास पहुंचा तो अमन घर पर था। अनुराग मंदिर पर ही बैठा था। अनुराग ने जाने से पहले अमन को बुलाया तो अमन की मां गमली देवी ने उसे जाने से मना किया। तब दोनों ने कहा कि एक घंटे में आ जाएंगे, अमन की मौत होने पर उसकी मां यही बात कहकर बिलख रही थी।

    यह भी पढ़ें: UP News: गाजीपुर दोहरे हत्याकांड के दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक बचकर हुआ फरार