शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन रास्ते से ही तीन बच्चों के बाप के साथ फरार, दूल्हे के उड़ गए होश
गाजीपुर में शादी के बाद विदाई के समय दुल्हन अपने प्रेमी के साथ भाग गई। दुल्हन के पिता ने बिरनो थाने में प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दूल्हे के अनुसार दुल्हन दो लाख के आभूषण लेकर फरार हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि दुल्हन का प्रेमी पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संवाद सूत्र, मरदह (गाजीपुर)। शादी के बाद विदाई कर ससुराल जा रही दुल्हन झांसा देकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस मामले में दुल्हन के पिता ने प्रेमी के खिलाफ बिरनो थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
मंगलवार को भुड़कुड़ा थाना के गोडीहरा गांव से ईनवा तियरा गांव में बरात आयी थी। शादी के बाद बुधवार की सुबह विदाई कराकर दूल्हा घर जा रहा था। दूल्हा बृजेश कुमार ने बताया कि विदाई के बाद दुल्हन के घर से कुछ दूरी पर जाने पर बाइक सवार युवक ने आकर उनकी कार रोकी। बोला कि दुल्हन की मां की तबीयत खराब हो गई है। अभी घर से भेंट करवाकर वापस आ रहा हूं।
ऐसा कहकर बांह पकड़ कर दुल्हन को बाइक पर बैठाकर लेकर चला गया। काफी देर इंतजार के बाद भी जब दुल्हन नही लौटी तब वह ढूंढते हुए अपनी ससुराल पहुंचा। तब वहां उसे दुल्हन के युवक के साथ फरार होने की जानकारी हुई। यह सुनकर वह अवाक हो गया।
बताया कि हमने दो लाख के लगभग का आभूषण शादी में चढ़ाया था, जो दुल्हन ने पहन रखा था। वह सारे आभूषण लेकर फरार हो गई है। बिरनो थाने जाकर घटना से अवगत कराने के बाद वह घर लौट गया। ग्रामीणों के अनुसार दुल्हन को भगाने का आरोपित प्रेमी शादीशुदा है तीन बच्चों का पिता है।
दुल्हन के पिता सुदामा राम के तहरीर पर बिरनो पुलिस ने तियरा गांव निवासी जितेंद्र चौहान के विरुद्ध शादी के बाद विदाई होने पर पुत्री को भगाने का मुकदमा दर्ज किया है। बिरनो थानाध्यक्ष बालेन्द्र यादव ने इस बाबत बताया की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।