VAT Defaulters: गाजियाबाद के दो हजार बकाएदारों पर संकट, विभाग सीज करेगा बैंक खाते
उत्तर प्रदेश में राज्य कर विभाग वैट (VAT) बकाएदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। विभाग ने बकाएदारों के बैंक खातों से वसूली करने का फैसला किया है। इसके लिए लीड बैंक मैनेजर को बकाएदारों का डेटा भेजा जा रहा है ताकि उनके खातों को सीज किया जा सके। विभाग पैन कार्ड के माध्यम से अन्य खातों की जानकारी भी जुटा रहा है।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। राज्य कर अधिकारी अब बकाएदारों के खातों से वैट की वसूली करेंगे। इसके लिए बकाएदारों का डाटा लीड बैंक मैनेजर को भेजा जा रहा है। अधिकारी बकाएदारों के बैंक खातों से बकाया वसूली के प्रयास कर रहे हैं। बकाएदारों के बैंक खाते सीज किए जाएंगे।
इसके अलावा विभाग ने पैन कार्ड का ब्योरा और उस पर खुले अन्य खातों की जानकारी भी मांगी है, ताकि खाता दूसरे बैंक में होने पर वसूली की जा सके।
बकाएदारों से वसूली अभियान चलाया
प्रमुख सचिव एम. देवराज के निर्देश पर विभाग ने गाजियाबाद के दोनों जोन में वैट बकाएदारों से वसूली अभियान चलाया है। राज्य कर जोन-1 में विभाग ने इस वित्तीय वर्ष में मार्च तक 30.76 करोड़ रुपये वसूले हैं। इसी तरह जोन-2 में अधिकारियों ने 33.26 करोड़ रुपये वसूले हैं।
अधिकारियों का कहना है कि विशेष अभियान के तहत बकाएदारों से वसूली की जा रही है। मुख्यालय स्तर से इसकी रोजाना निगरानी की जा रही है। लीड बैंक मैनेजर को दो हजार बकाएदारों का ब्योरा भेजकर खातों की जानकारी मांगी जा रही है। प्रमुख सचिव के निर्देश पर अभियान को गति दी जा रही है।
वैट बकायादारों से वसूली के लिए बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। बड़े बकायादारों के बैंक खातों की जानकारी लेने के लिए लीड बैंक मैनेजर को पत्र लिखा गया है।
- मानवेंद्र प्रताप सिंह, अपर आयुक्त, ग्रेड-1 (जोन-1, राज्य कर)
राज्य कर से बकाएदारों की जानकारी मिलने के बाद संबंधित बैंक को सूचना भेजी जा रही है। बैंक से खातों के बारे में राज्य कर अधिकारियों को जानकारी दी जा रही है।
- बुधराम, लीड बैंक मैनेजर
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद के अस्पताल में नवजात की मौत से हड़कंप, स्वास्थ्य कर्मियों की बड़ी लापरवाही आई सामने
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।