Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Ghaziabad Accident: निर्माणाधीन फैक्ट्री का लेंटर डालते ही गिरी शटरिंग, छह कामगार दबे; NDRF ने चलाया अभियान

    Updated: Fri, 18 Apr 2025 10:50 PM (IST)

    गाजियाबाद में लोनी के रूप नगर औद्योगिक क्षेत्र में एक निर्माणाधीन फैक्ट्री का लेंटर डालते समय शटरिंग गिरने से छह कामगार घायल हो गए। स्थानीय लोगों पुलिस और दमकल कर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। एनडीआरएफ ने घटनास्थल पर खोज अभियान चलाया। शटरिंग में लगी बल्ली खिसकने से यह हादसा हुआ। पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। सबकी हालत खतरे से बाहर है।

    Hero Image
    निर्माणाधीन फैक्ट्री का लेंटर डालते गिरी शटरिंग, छह कामगार दबकर घायल।

    संवाद सहयोगी, लोनी। कोतवाली क्षेत्र के रूप नगर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे निर्माणाधीन फैक्ट्री का लेंटर डालने के दौरान शटरिंग भरभराकर गिर गई। हादसे में छह कामगार दबकर घायल हो गए।

    स्थानीय लोग, पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने सभी को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सभी खतरे से बाहर हैं। एनडीआरएफ की टीम ने पहुंचकर सर्च आपरेशन चलाया, लेकिन कोई अन्य कामगार नहीं मिले। शटरिंग में लगी बल्ली खिसने से हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस को मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुलमोहर ग्रीन सोसायटी के राहुल जैन की फैक्ट्री का निर्माण

    जानकारी के मुताबिक, लोनी के रूप नगर औद्योगिक क्षेत्र में साहिबाबाद कोतवाली क्षेत्र की गुलमोहर ग्रीन सोसायटी के राहुल जैन की फैक्ट्री का निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार को सुबह शटरिंग लगाई गई। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कामगारों ने लेंटर डालने का काम शुरू किया।

    निर्माण सामग्री डालते ही शटरिंग में लगी कमजोर बल्ली खिसक गई। भरभराकर पूरी शटरिंग गिर गई। इसमें मलबे में करीब छह कामगार दब गए। मौके पर चीखपुकार मच गई।लोग मदद की गुहार लगाने लगे। शोर सुनकर आसपास की फैक्ट्री के कामगार मौके पर पहुंचे। पुलिस और अग्निशमन विभाग को मामले की सूचना दी।

    पांच कामगार को निकाल लिया गया। एक कामगार जीतू शटरिंग के नीचे दबा गया। उसका हाथ दिखाई दे रहा था। सरिया काटकर उसे बाहर निकाला गया। सभी को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। कामगारों के पास सुरक्षा के कोई उपकरण नहीं थे। पुलिस और प्रशासिनक अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।

    एनडीआरएफ की टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन

    हादसे के बाद शटरिंग के नीचे कोई फंसा न हो इसको लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने एनडीआरएफ को सूचना दी। शाम करीब साढ़े चार बजे एनडीआरएफ की आठवीं बटालियान गोविंदपुरम से एक टीम मौके पर पहुंचे। सहायक संजय रावत के नेतृत्व ने 35 सदस्यों ने सर्च आपरेशन शुरू किया। एक घंटे से अधिक चले सर्च आपरेशन में कोई अन्य घायल मलबे में दबा नहीं मिला। इसके बाद आपेशन बंद कर टीम लौट गई।

    यह कामगार हुए घायल

    बुधवाहना थाना मनदनापुर जिला शाहजहांपुर के सुमित, हरियामा थाना हरियामा जिला हरदोई के शाहिद मोहम्मद, गांव भरारा थाना चौथम जिला खगड़िया बिहार के नीरज, बृजपुर थाना चरखारी जिला महोबा के जीतू, गांव भरारा थाना चौथम जिला खगड़िया बिहार के राजेश सिंह और भूता थाना भूता जिला बरेली के पप्पू घायल हो गए। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रह रही है।

    छह सौ से एक हजार दिहाड़ी पर आए थे कामगार

    पूछताछ में घायल कामगारों ने बताया कि वह दो ठेकेदारों के अंडर में यहां पर पिछले एक माह से काम कर रहे हैं। किसी को छह सौ तो किसी को एक हजार रुपये दिहाड़ी प्रतिदिन की मिल रही थी। उन्हें सुरक्षा के कोई उपकरण भी नहीं दिए गए। आरोप है कि हादसे के बाद ठेकेदार मौके पर ही नहीं मिले।हादसे के बाद सभी कामगार काफी सहमे हुए थे।

    बल्ली खिसकने से माना जा रही हादसे का कारण

    कामगारों ने बताया कि लेंटर डालने के दौरान शटरिंग में लगी बल्ली अपने स्थान से खिसक गई। इससे पूरी शटरिंग भरभराकर गिर गई।कमजोर तरीके से शटरिंग लगी होगी। इसी कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने एसडीएम और पुलिस के आलाधिकारी को जानकारी दी है।

    लेंटर डालने के दौरान शटरिंग गिरने से छह कामगार घायल हो गए थे।सभी खतरे से बाहर हैं। किसी भी तरह से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। - सिद्धार्थ गौतम, सहायक पुलिस आयुक्त, लोनी

    संबंधित विभाग गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई के लिए लिखा गया है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। - राजेंद्र कुमार शुक्ला, एसडीएम, लोनी

    यह भी पढ़ें- औरंगजेब पर कन्फ्यूज हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता, बहादुर शाह जफर की तस्वीर पर पोती कालिख; यूजर बोले- मोये-मोये