गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने सिंह राज जाटव को बनाया प्रत्याशी
गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को सिंह राज जाटव को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। वहीं सपा ने खैर सीट से डॉ. चारू कैन को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने यूपी में होने वाले उपचुनावों में अपने उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला लिया था।

गाजियाबाद संवाददाता, गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी (सपा) ने गाजियाबाद विधानसभा सीट पर होनेवाले उपचुनाव के लिए सिंह राज जाटव को उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले, भाजपा और बसपा इस सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। भाजपा ने उपचुनाव के लिए संजीव शर्मा जबकि बसपा ने परमानंद गर्ग को प्रत्याशी बनाया था।
बता दें, कांग्रेस ने यूपी में होनेवाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला लिया था। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने गुरुवार को कहा था कि हम 'इंडिया' गठबंधन समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशियों को इस उपचुनाव में पूरी ताकत से जिताने का काम करेंगे। इस कारण हम सपा प्रत्याशी को समर्थन देंगे।
बीजेपी ने 17 साल बाद ब्राह्मण चेहरे पर खेला दांव
गाजियाबाद विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने 17 साल बाद ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगाया है। पार्टी ने भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। बसपा के पीएन गर्ग ने यहां पर नामांकन के लिए नामांकन पत्र खरीदा है, वह भी जल्द ही नामांकन करेंगे।
परमानंद गर्ग ने सपा छोड़ बसपा का छोड़ा था दामन
बता दें, परमानंद गर्ग कुछ समय पहले सपा छोड़कर बसपा का दामन थाम लिया था। बसपा इस सीट पर पहले भी चुनाव जीत चुकी है। तब वैश्य नेता सुरेश बंसल विधानसभा पहुंचे थे। कोविड के दौरान उनका निधन हो गया। वैश्य वर्ग से ही ताल्लुक रखने वाले परमानंद गर्ग इस सीट पर मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। वहीं, गाजियाबाद सीट पर भाजपा ने 17 साल बाद ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगाया है। पार्टी ने भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।
2007 तक गाजियाबाद में पांच सीटें आती थी
साल 2007 तक हुए विधानसभा चुनाव में गाजियाबाद जिले में पांच विधानसभा सीटें आती थीं। इनमें गाजियाबाद, मोदीनगर, मुरादनगर, हापुड़ और गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा की सीट शामिल है। गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट को वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव तक 372-गाजियाबाद के नाम से जाना जाता था, उस वक्त साहिबाबाद का क्षेत्र में भी इसी विधानसभा क्षेत्र में आता था। वर्ष 2012 में परिसीमन के बाद इसे 56- गाजियाबाद के नाम से जाना जाता है।
गाजियाबाद में 4 लाख से अधिक है मतदाताओं की संख्या
गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 4,61,360 है। इनमें अनुसूचित जाति के 80-85 हजार, ब्राह्मण समाज के 75-80 हजार , वैश्य समाज के 60-65 हजार, मुस्लिम समाज के 70-75 हजार मतदाता हैं। इसी वजह से सभी दल जातीय समीकरण को साधने में जुटी हुई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।