Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भरी पंचायत में लड़की पर अश्लील कमेंट, भांजी गईं लाठियां चल गई गोली

    By Amit MishraEdited By:
    Updated: Tue, 07 Mar 2017 05:22 PM (IST)

    पंचायत में गांव के संभ्रांत लोग दोनों पक्षों में फैसला कराने के लिए जुटे ही थे कि तभी लड़के पक्ष के किसी युवक ने लड़की पक्ष पर भद्दा कमेंट कर दिया जिस कारण देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई।

    भरी पंचायत में लड़की पर अश्लील कमेंट, भांजी गईं लाठियां चल गई गोली

    गाजियाबाद [जेएनएन]। युवती के साथ पूर्व में हुई छेड़छाड़ का विवाद निपटाने के लिए हो रही पंचायत में पीड़ित युवती पर कमेंट करने पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों में लाठी डंडो, धारदार हथियारों के चलने के साथ पथराव व फायरिंग हुई। दोनों पक्षों की आठ महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। घटना से गांव में भगदड़ मच गई। डर के मारे लोग घरों में छिप गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घटना को लेकर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर आनन-फानन दो जिलों की फोर्स मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला संभाला। यही नहीं, इस मामले को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म रहा। मामले की नजाकत को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 17 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दूसरी तरफ, बसपा प्रत्याशी असलम चौधरी दोनों पक्षों में फैसला कराने में जुटे रहे।

    यह भी पढ़ें: खाना खाने के बाद युवकों ने थमा दिया 2 हजार का नकली नोट, कर बैठे यह गलती

    थाना धौलाना के गांव पिपलैहडा में चार दिन पहले एक पक्ष के युवक द्वारा दूसरे पक्ष की युवती के साथ छेड़छाड़ कर दी थी। कुछ लोग इस मसले को प्रेम प्रसंग से जोड़ रहे हैं। छेड़छाड़ के बाद से ही दोनों पक्षो में तनातनी चली आ रही थी। इसमें युवती पक्ष ने पुलिस में अपनी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और दोनों पक्षों में फैसला करने का प्रयास करने लगी। उधर, ग्रामीण भी दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने में जुटे रहे। सोमवार को ग्रामीणों की पंचायत आयोजित की गई।

    पंचायत में गांव के संभ्रांत लोग दोनों पक्षों में फैसला कराने के लिए जुटे ही थे कि तभी लड़के पक्ष के किसी युवक ने लड़की पक्ष पर भद्दा कमेंट कर दिया जिस कारण देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और मामले ने तूल पकड़ लिया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। यही नहीं, दोनो पक्ष अपने घरों से लाठी-डंडे, धारदार हथियारों के साथ आमने सामने डट गए और एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया।

    यह भी पढ़ें: अश्लील MMS दिखाकर युवकों ने छात्रा से किया गैंगरेप फिर कहा घर जाओ

    पथराव होने पर भगदड़ मच गई। एक दूसरे के घरों में घुसकर महिलाओं को पीटा गया। दोनों पक्षों की आठ महिलाओं समेत एक दर्जन लोग घायल हो गये। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों ही पक्ष के लोगों पर लूटपाट के आरोप भी लगे हैं। 

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों की तरफ से 10 राउंड से अधिक फायरिंग की गयी। सूचना मिलने पर पुलिस के हाथ पांव फूल गये। मौके पर हापुड़ व गाजियाबाद जनपद की पुलिस ने दौड़ लगा दी। मौके पर सीओ, धौलाना कोतवाल हरसरन शर्मा, औद्योगिक चौकी प्रभारी अशोक चंदेल, व मसूरी थानेदार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और किसी तरह घटना को संभाला।

    यह भी पढ़ें: पति बोला- मेरी संतान नहीं, पत्नी ने 7 माह की बच्ची पटक-पटक कर मार डाला

    सामने आई पुलिस की लापरवाही 

    लड़की पक्ष का आरोप था उन्होंने छेड़छाड़ के बाद घटना की जानकारी धौलाना पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जिससे दोनों पक्षों में बड़ा विवाद हो गया।

    दोनों पक्षों के 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

    धौलाना थानेदार हरसरन शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया। जिसमें शमशाद की तहरीर पर मोबीन, कामिल, नौशाद, शहजाद, आजाद, इसरार, गुलजार, व अनीश की तहरीर पर शफी, मुनकाद, जुबैर, हारून, अलीमुर्तजा, शमशाद, आरिफ, हसमत, व मंजूर के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों के 13 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

    यह भी पढ़ें: पत्नी से जबरन देह व्यापार करवाता था पति, सगे मामा और भांजे से भी की डील

    गांव में चल रहा था फैसले का प्रयास

    खूनी संघर्ष के बाद गांव पिपलैहडा में तनाव के बीच दोनों पक्षों में फैसले के प्रयास चल रहे थे। बसपा प्रत्याशी असलम चौधरी दोनों पक्षों में फैसला कराने के प्रयास में जुटे थे। असलम चौधरी के मुताबिक दोनों पक्षों में फैसला हो गया है। वहीं, धौलाना थानेदार हरसरन शर्मा ने बताया कि उन्हें फैसला होने के प्रयासों की जानकारी मिली है, लेकिन उनके पास कोई लिखित फैसला नहीं आया है।