दुनिया में आने के 20 दिन बाद ही उठा ममता का आंचल... लोनी में कमरे की छत का प्लास्टर गिरने से मां की मौत, बेटी घायल
लोनी के लक्ष्मी गार्डन काॅलोनी में एक दुखद घटना में छत का प्लास्टर गिरने से एक महिला की मौत हो गई और उसकी नवजात बेटी घायल हो गई। दिलशना नाम की यह महिला अपने परिवार के साथ ऊपरी मंजिल पर सो रही थी तभी यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है और वे मामले की जांच कर रहे हैं। बच्ची का इलाज जारी है।

संवाद सहयोगी, लोनी। लक्ष्मी गार्डन काॅलोनी में शुक्रवार अल सुबह अचानक छत का प्लास्टर गिर गिरने से चारपाई पर सो रहीं मां-बेटी घायल हो गईं।
घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। वहीं नवजात बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
काॅलोनी में दिलशना अपने पति नाजिम के साथ रहती थीं। परिवार में पांच वर्षीय बेटा राहिव व 20 दिन की नवजात बेटी, सास व ससुर अहसान हैं। पुलिस ने बताया कि दिलशना के सास ससुर ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं जबकि व पति व दो बच्चों के साथ ऊपरी मंजिल पर रहती थी।
नाजिम ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार रात पत्नी बच्ची के साथ चारपाई पर सोई हुई थीं। वह बेटे के साथ बेड पर सोया हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान पत्नी की चारपाई के ऊपर अचानक छत से प्लास्टर गिर पड़ा। इसमें दोनों घायल हो गए।
उन्होंने घायलों को पास अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देख घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में रेफर कर दिया। उपचार के दौरान डाॅक्टर ने दिलशना को मृत घोषित कर दिया।
एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि छत से प्लास्टर गिरा है। इस मामले में किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें- ये कैसा राष्ट्र प्रेम ? तिरंगा यात्रा के नाम पर गाजियाबाद में उड़ाईं ट्रैफिक रुल्स की धज्जियां, देखें वीडियो

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।