Cyber Fraud: गाजियाबाद में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर दो लोगों को बनाया शिकार, पांच करोड़ से ज्यादा की ठगी
Ghaziabad Online Trading Scam गाजियाबाद में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर दो लोगों से करोड़ों की ठगी हुई है। ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 5 करोड़ और दूसरे से 60 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने साइबर अपराध थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साइबर ठगी और ठगों से आप भी सावधान रहिए।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र के वसुंधरा के एक व्यक्ति से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने के नाम पर उनसे पांच करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपितों ने उनके मोबाइल में एप इंस्टाल कराया। इस एप पर पीड़ित को 10 लाख रुपये मुनाफा दिखाया गया। पीड़ित ने साइबर अपराध थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वसुंधरा के तेजपाल सिंह ने बताया कि वह फेसबुक चला रहे थे। तभी उन्हें शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने का लिंक दिखाई दिया। उन्होंने लिंक पर क्लिक किया। इसके बाद उन्हें एक वॉट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। इस ग्रुप में 113 लोग पहले जुड़े हुए थे। ग्रुप में सभी लोग शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने के बारे में मैसेज कर रहे थे। कई लोगों ने मुनाफा कमाने का स्क्रीन शॉट भी ग्रुप में शेयर किया।
तीन माह में नौ खातों में चार करोड़ 96 लाख से ज्यादा किए निवेश
उन्हें भी निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने ठगों द्वारा बताए गए खातों में पैसे निवेश कर दिए। उनके मोबाइल पर एक एप भी इंस्टाल कराया गया। एप पर उनका वॉलेट बनवाया गया। इसमें निवेश की गई रकम को मुनाफे के साथ 10 करोड़ रुपये दिखाया गया। उन्होंने इस रकम को निकालने का प्रयास किया।
जब भी वह निवेश की रकम को निकालने का प्रयास करते तो उन्हें और पैसे निवेश करने के बाद ही रकम निकलने की बात कही जाती। इस तरह उन्होंने तीन माह में नौ खातों में चार करोड़ 96 लाख 57 हजार 725 रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद उन्होंने निवेश करना बंद कर दिया। उन्होंने अपने पैसे निकालने के लिए कहा तो ठगों ने संपर्क खत्म कर दिया। उनकी काल उठानी बंद कर दी।
ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 60 लाख ठगे
दूसरे मामला महागुनपुरम का है। यहां एक व्यक्ति से ठगों ने आनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने के नाम पर 60 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने उनसे 11 बैंक खातों में 60 लाख रुपये ट्रांसफर कराए। महागुनपुरम के सचिन कुमार ने बताया कि उनके वॉट्सएप पर ट्रेडिंग करने पर मुनाफा कमाने का मैसेज आया। उन्हें शेयर ट्रेडिंग का ज्ञान था। ऐसे में वह उनके साथ जुड़ गए। ठगों ने उनसे ऐप डाउनलोड कराया।
जिसमें उन्होंने रकम निवेश की। जब उनकी रकम 12 लाख हो गई तो उन्होंने उसे निकालने का प्रयास किया। उनके 10 हजार रुपये निकल गए। इससे उन्हें भरोसा हो गया। ऐसे में उन्होंने और रकम निवेश कर दी। कुछ दिन बाद एप ने काम करना बंद कर दिया। इस पर उन्होंने ठगों से इसकी शिकायत की।
उन्होंने एक वेबसाइट का लिंक भेजा। उस वेबसाइट पर अकाउंट बनवा दिया। ठगों ने बताया कि निवेश की गई रकम मुनाफे के साथ इस पर ट्रांसफर होगी। इसके बाद वह यहां निवेश करने लगे। 60 लाख रुपये निवेश करने के बाद उन्हें मुनाफे के 17 करोड़ रुपये दिखाई देने लगे।
उन्होंने इस रकम निकालने का प्रयास किया। इस पर ठगों ने इस रकम का 40 प्रतिशत निवेश करने के बाद ही पूरी रकम निकलने के बारे में बताया। इस पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले जांच कर रही है। ठगों जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। कोई भी व्यक्ति अनजान लिंक पर क्लिक न करे।
पीयूष सिंह, एडीसीपी अपराध।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।