Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद में घर में घुसकर बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में सनसनी; पुलिस भी हैरान

    लोनी में एक बुजुर्ग व्यक्ति की उसके घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस को लूट के बाद हत्या का शक है। मृतक की पत्नी ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। परिजनों का अंदेशा है कि घटना में कोई परिचित शामिल है और वह लूट के बाद घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

    By prabhat pandey Edited By: Sonu Suman Updated: Sat, 11 Jan 2025 10:36 PM (IST)
    Hero Image
    गाजियाबाद में घर में घुसकर बुजुर्ग की धारदार हथियार से वार कर हत्या।

    संवाद सहयोगी, लोनी। कोतवाली के पास अशोक विहार कॉलोनी में घर में घुसकर शुक्रवार देर रात को धारदार हथियार से सिर पर वार कर बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। घर में सामान बिखरा हुआ था। लूट के बाद हत्या का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। करीबी पर हत्या का शक है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जानकारी के मुताबिक, लोनी कोतवाली के अशोक विहार कॉलोनी में कमरूद्दीन पत्नी खातून बेगम के साथ करीब 12 सालों से रह रहे थे। वह रिक्शा चलाते थे। सोमवार को कमरूद्दीन पत्नी के साथ दिल्ली उत्तमनगर में रहने वाली बेटी के यहां गए थे। मंगलवार रात को वह अशोक विहार लौट आए थे। जबकि खातून बेगम वहीं पर थीं। शनिवार सुबह पड़ोस की दो महिलाएं घर का दरवाजा खोलकर अंदर गईं तो सामान बिखरा हुआ था।

    सिर पर धारदार हथियार से वार के तीन निशान

    जमीन पर खून से लथपथ कमरूद्दीन का शव पड़ा था। उन्होंने बाहर आकर शोर मचाया। लोगों को मामले की सूचना दी। फिर उनकी बेटी निशा को काल कर पड़ोसियों ने बताया। हत्या की जानकारी मिलने पर पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, सहायक पुलिस आयुक्त लोनी सूर्यबली मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फाेरेंसिक टीम को साक्ष्य एकत्र करने के लिए मौके पर बुलाया। सिर पर धारदार हथियार से वार के तीन निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    लूट के बाद शख्स की हत्या

    कमरूद्दीन के भाई मौ. आजाद ने घर में लूट की घटना की है। कुछ समय पहले कमरूद्दीन ने 11 लाख रुपये में प्लॉट बेचा था। कुछ पैसा बेटी की शादी में खर्च किए थे। बाकी पैसा घर में रखे थे। घर में कीमती जेवर भी रखे थे। आरोप है कि नकदी और गहने गायब हैं। लूट के बाद उनके भाई की हत्या की है। पत्नी खातून बेगम की ओर से पुलिस को अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गई। पुलिस ने हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

    घर के बराबर में पड़ी मिली सीढी

    हत्या के बाद जांच करने पुलिस की टीम पहुंची तो घर के पास प्लाट में बांस की सीढी पड़ी हुई मिली है। आसपास के लोगों ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे कमरूद्दीन नमाज पड़कर घर गए थे। इसके बाद वह घर से नहीं निकले। अंदेशा जताया जा रहा है कि हमलावर सीढ़ी के सहारे घर में घुसे और हत्या के बाद गेट खोल कर फरार हो गए। रात के समय कमरूद्दीन के घर के मुख्य गेट अंदर से बंद थे और सुबह गेट खुले हुए थे।

    करीबी पर शक, पुलिस को मिले अहम सुराग

    हत्या के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस को अंदेशा है कि हत्या में करीबी का हाथ है। जिसे पता था कि घर पर वह अकेले हैं। सूत्रों का कहना है कि पुलिस हत्यारोपितों के बेहद करीब है। हत्या के मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द ही हत्या का पर्दाफाश करेगी।

    धारदार हथियार से बुजुर्ग की हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया गया है। काफी अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस उनपर काम कर रही है। मृतक की पत्नी की ओर से मिली हत्या की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही हत्या का पर्दाफाश किया जाएगा। - सुरेंद्र नाथ तिवारी, पुलिस उपायुक्त ग्रामीण

    यह भी पढ़ें- UP Accident: अलग-अलग मामलों में दो की मौत, गाजियाबाद में फ्लाईओवर से 20 फीट नीचे गिरा युवक