Delhi Fake Assault Case: दोस्त ने ही महिला को हाथ-पैर बांधकर बोरे में किया बंद, खुद प्राइवेट पार्ट पर मारी चोट
Delhi Woman Physically Harassed Case दिल्ली की महिला ने अपने मित्र आजाद व उसके दो अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी दुष्कर्म की साजिश दो माह पहले रच ली थी। महिला दो दिन तक दिल्ली में अपने घर पर रही थी।

गाजियाबाद, आशुतोष गुप्ता। दिल्ली की महिला ने अपने मित्र आजाद व उसके दो अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी दुष्कर्म की साजिश दो माह पहले रच ली थी। 16 अक्टूबर की रात जब महिला के भाई ने नंदग्राम के आश्रम रोड पर महिला को छोड़ा तो यहां मिलने आजाद आया था। महिला अकेले आटो से दिल्ली के जीटीबी एन्क्लेव अपने किराये के मकान पर गई जबकि आजाद बाइक से पहुंचा।
वह आजाद के साथ दो दिन तक इसी मकान में रही। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। साहिबाबाद के अर्थला के पास महिला ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था।
आजाद ने महिला का मोबाइल ले जाकर किया गुमराह
पुलिस को भी महिला के मोबाइल की आखिरी लोकेशन यहीं की मिली थी। महिला का मोबाइल फोन आजाद अपने साथ लेकर गया और दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर उसकी लोकेशन दिखाने के लिए मोबाइल को आन व आफ किया। आजाद ने पुलिस को गुमराह करने के लिए 16 अक्टूबर को ही नया सिम खरीदा था।
नए नंबर से कई बार महिला से हुई बात
इस नए नंबर से उसकी महिला से कई बार बात भी हुई थी। 17 अक्टूबर की रात आजाद गौतमबुद्धनगर में गौरव के पास गया और बाइक से अफजाल को बुलाया। यहां से तीनों गौरव की आल्टो कार से जीटीबी एन्क्लेव पहुंचे और महिला को साथ लेकर नंदग्राम में आश्रम रोड पर आए।
आजाद ने बांधे हाथ पैर और बोरे में बांधा
आजाद ने ही महिला के हाथ-पैर बांधे और उसे बोरे में बंद करने का प्रयास किया। बोरे में बंद न हो पाने के कारण उसे आधा ही बोरे में बंद कर दिया। पुलिस ने बोरा और एक लोहे का औजार बरामद किया है। जिस कबाड़ी से यह सामान खरीदा गया था, पुलिस ने उसका भी पता लगा लिया है।
आजाद के पास से पुलिस को अलग-अलग नाम से चार आधार मिले थे। इनमें से एक आधार उसने महिला के पति के नाम से अपना फोटो लगवाकर बनवाया हुआ है।
महिला ने अपने प्राइवेट पार्ट में खुद मारी थी चोट
दरिंदगी दिखाने और महिला के प्राइवेट पार्ट में राड घुसाने की कहानी घटना को सनसनीखेज बनाने के लिए लिखी गई थी। नंदग्राम में आने के बाद महिला ने एक यू-अकार में बने हुए तार-नुमा औजार से अपने प्राइवेट पार्ट में खुद ही चोट मारी थी।
घटना को सनसनीखेज बनाने के लिए कथित पत्रकार को दिए पैसे
आरोपितों की इस साजिश में एक कथित पत्रकार भी शामिल है। आजाद ने सामूहिक दुष्कर्म की इस घटना को सनसनीखेज बनाकर प्रसारित कराने के लिए इस कथित पत्रकार को पांच हजार रुपये पेटीएम किए थे। 18 अक्टूबर की सुबह इसी पत्रकार ने इस घटना को विभिन्न प्लेटफार्म पर प्रसारित किया था। इसी बीच दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी गाजियाबाद के एसएसपी को टैग करते हुए ट्वीट कर दिया।
ये भी पढ़ें- Ghaziabad: निर्भया जैसी वारदात की घटना निकली झूठी, पुलिस ने बताया- महिला ने दोस्तों संग क्यों रची थी साजिश?
धमकी देकर लोगों की प्रापर्टी हड़पता है परिवार
सामूहिक दुष्कर्म की घटना फर्जी करार होने के बाद गाजियाबाद पुलिस के पास दिल्ली के कई लोग पहुंचे। लोगों का कहना है कि ये लोग लोगों की प्रापर्टी पर कब्जा करते हैं और उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते हैं। दिल्ली पुलिस को आरोपित कई बार फर्जी शिकायती पत्र दे चुके हैं और फर्जी मुकदमे दर्ज कराते हैं।
गाजियाबाद के एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि पुलिस की टीमें अभी भी मामले में साक्ष्य एकत्र कर रही हैं। महिला के घर पर होने की पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।