Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP By-Election: गाजियाबाद में बढ़ेगा सियासी पारा, 6 नवंबर को आएंगे CM योगी; अखिलेश यादव भी करेंगे प्रचार

    Updated: Sun, 03 Nov 2024 09:38 AM (IST)

    गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सरगर्मी तेज हो चुकी है। त्योहार बाद अब छह नवंबर को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव प्रचार के लिए शहर आएंगे। इस दौरान प्रताप विहार में रोड शो कर सकते हैं। वहीं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी गाजियाबाद आ सकते हैं। शहर सीट पर 13 नवंबर को मतदान होना है।

    Hero Image
    गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट के लिए प्रचार तेज होगा।

    जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को उपचुनाव होना है, इसके लिए 14 प्रत्याशी मैदान में हैं। त्योहारों की छुट्टी खत्म होने के बाद प्रत्याशियों द्वारा प्रचार तेज किया जाएगा। भाजपा की ओर से उपचुनाव का तापमान बढ़ाने के लिए खुद योगी आदित्यनाथ छह नवंबर को गाजियाबाद आएंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा प्रत्याशी संजीव शर्मा के पक्ष में वह प्रताप विहार में रोड शो कर मतदाताओं को साधने का प्रयास करेंगे। योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर हरी झंडी मिलने के बाद रोड शो को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारी जुट गए हैं।

    प्रताप विहार में किया जाएगा रोड शो

    उनका प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोड शो में शामिल किया जाए। यह पहली बार होगा जब प्रदेश के किसी मुख्यमंत्री द्वारा प्रताप विहार में रोड शो किया जाएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ के आने से पहले चार नवंबर को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी गाजियाबाद आएंगे। वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में लोगों को संबोधित करेंगे और पार्टी के नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

    योगी के बाद अखिलेश के आने की भी चर्चा

    भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजियाबाद आने के बाद सपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी गाजियाबाद आ सकते हैं। बसपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए बसपा प्रमुख व प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती भी यहां आ सकती हैं। चुनाव की तिथि जैसे -जैसे करीब आएगी, यहां पर चुनाव प्रचार और कद्दावर नेताओं का आगमन भी बढ़ेगा। अब देखना यह है कि किस पार्टी के नेता मतदाताओं को साधने में सफल होते हैं, जिससे कि उनकी पार्टी के प्रत्याशी को जीत मिल सके।

    विस उपचुनाव में सपा बना रही सभी बूथों को जीतने की रणनीति

    गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार की है, जिसमें सपा ने इस बार गाजियाबाद सीट पर लाइनपार विजय नगर के प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। इस चुनाव में सपा पिछले काफी समय से पदासीन मेयर, विधायक, मंत्री और सांसद के रहते हुए लाइनपार का पिछड़ापन दूर न करने पर भाजपा को जिम्मेदार ठहरा रही है।

    गाजियाबाद विधानसभा सीट का दायरा 32 वार्ड तक सिमटा है। इसमें 58 सेक्टर और 506 बूथ शामिल हैं। सपा ने उप चुनाव में इस सीट को जीतने के लिए मुख्य संगठन की टीम के साथ बूथ अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष और उनकी टीम, समस्त प्रकोष्ठ व उनकी टीम के साथ प्रत्याशी की अपनी टीम को जिम्मेदारी दी है।

    महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने बताया कि डोर टू डोर मतदाताओं के पास पहुंचने का लक्ष्य रखा है। लाइनपार की तमाम समस्याओं और उनके समााधन का मुद्दा इस बार के चुनाव में काफी अहम है।

    "विकास के हिसाब से पिछड़ा है गाजियाबाद''

    विजय नगर के निवासी रविन चौधरी का कहना है कि लाइनपार का इलाका गाजियाबाद में आता है, लेकिन विकास के हिसाब से शहर से काफी पिछड़ा हुआ है। इसके विकास को लेकर कभी किसी ने गंभीरता से काम नहीं किया। जनप्रतिनिधि चुनाव के समय आते हैं, लेकिन जीत हार के बाद संघर्ष और समाधान कराने की कोई नहीं सोचता। जीत-हार के बाद अपने क्षेत्र के विकास के वादे को नहीं भूलना चाहिए।