यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 29, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ghaziabad Police Commissioner: कौन हैं अजय मिश्रा, जिन्हें बनाया गया गाजियाबाद का पहला पुलिस कमिश्नर
Ghaziabad First Police Commissioner अजय मिश्रा (Ajay Mishra) गाजियाबाद के पहले पुलिस कमिश्नर होंगे। 2003 बैच के आईपीएस को जिले ...और पढ़ें

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। 2003 बैच के आइपीएस अधिकारी अजय मिश्रा गाजियाबाद के पहले पुलिस कमिश्नर होंगे। देर रात पुलिस मुख्यालय से आदेश जारी हुए। गाजियाबाद, आगरा और प्रयागराज को कमिश्नरेट बनाने की घोषणा के बाद कमिश्नर के नाम पर कई कयास लगाए जा रहे थे सोमवार देर रात मुख्यालय ने इन कयासों पर विराम लगा दिया।
यूपी पुलिस से सेवानिवृत्त हैं पिता
2003 बैच के आइपीएस अधिकारी अजय मिश्रा को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। अजय मिश्रा पूर्व में एसएसपी कानपुर, एसएसपी बनारस, एसपी एटीएस, एसपी सुल्तानपुर, एसपी बागपत भी रह चुके हैं। उनकी गिनती प्रदेश के तेजतर्रार अफसरों में होती है। वह पुलिस परिवार से ही आते हैं। उनके पिता भी यूपी पुलिस से सेवानिवृत्त हैं।
गाजियाबाद में पहले कमिश्नर के तौर पर अपराध पर लगाम लगाना उनके लिए चुनौती होगी। लूट, डकैती जैसी वारदातों के अलावा साइबर क्राइम को रोकने के लिए भी उन्हें प्रभावी कदम उठाने होंगे। दैनिक जागरण से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि मंगलवार को वह डीजीपी से शिष्टाचार भेंट में बाद पदभार ग्रहण करेंगे।
सीमित साधनों में कमिश्नरेट को चलाने की होगी जिम्मेदारी
सरकार ने गाजियाबाद को कमिश्नरेट बनाने के साथ कमिश्नर की घोषणा तो कर दी लेकिन सीमित साधनों के साथ कमिश्नरेट को चलाने की जिम्मेदारी उनपर होगी। किस प्रकार से वह अधिकारियों से काम करवाते हैं इसपर भी पूरे प्रदेश की नजरें रहेंगी।
