विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 05, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ghaziabad: 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म, हत्या मामले में जंगल की खाक छानते बीते चार दिन; आरोपित का स्केच जारी

By Avaneesh kumar MishraEdited By: Nidhi Vinodiya
Published: Mon, 05 Dec 2022 10:16 AM (IST)Updated: Mon, 05 Dec 2022 06:35 PM (IST)

घर के बाहर से अगवा कर मासूम के साथ दरिंदगी कर कत्ल करने वाले दरिंदे का सुराग नहीं मिल पाया। जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं। सुराग मिलने की संभावना घट रही है। ऐसे में इस मामले का राजफाश करना पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है।

5 साल की बच्ची से दुष्कर्म, हत्या मामले में जंगल की खाक छानते बीते चार दिन
5 साल की बच्ची से दुष्कर्म, हत्या मामले में जंगल की खाक छानते बीते चार दिन

गाजियाबाद, साहिबाबाद, जागरण संवाददाता। पुलिस चार दिन से जंगल का खाक छान रही है। संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सर्विलांस की मदद ले रही है लेकिन घर के बाहर से अगवा कर मासूम के साथ दरिंदगी करके कत्ल करने वाले दरिंदे का सुराग नहीं ढूंढ़ पाई है। वह आजाद घूम रहा है। जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं। सुराग मिलने की संभावना घट रही है। पुलिस दरिंदे से दूर होती जा रही है। ऐसे में इस मामले का राजफाश करना पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है।

पुलिस ने सोमवार शाम संदिग्ध का स्केच जारी किया है। पुुलिस ने लोगों से उसके बारे में कोई भी जानकारी हाेने पर साझा करने की अपील की है।

शुरू में भटकी जांच

पीड़िता के पिता ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर में बेटी अगवा हुई तो थोड़ी दूर पर पशुओं को चरा रही महिला ने बताया कि बाइक सवार युवक उसे उठाकर ले गया है। उसकी बात को सही मानकर उन्होंने और पुलिस ने उसी ओर बच्ची की खोजबीन शुरू की। पुलिस ने उस रास्ते के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। उस रास्ते के जंगलों में छानबीन शुरू की। दोपहर से रात तक उसी दिशा में जांच चलती रही। कोई अहम जानकारी नहीं मिली तो पुलिस की जांच की दिशा बदली। पुलिस ने शुक्रवार सुबह घर के आसपास जंगलों में छानबीन शुरू की। घर से करीब 30 मीटर की दूरी पर बच्ची का शव मिला। उन्होंने कहा कि शुरूआत में जांच न भटकती तो बच्ची पहले ही मिल जाती।

सक्रिय थे आठ सौ मोबाइल नंबर 

पुलिस सर्विलांस की मदद ले रही है। वारदात होने के 20 मिनट बाद तक के मोबाइल नंबरों को खंगाला है। 20 मिनट में आठ सौ मोबाइल नंबर सक्रिय थे। उनकी जांच की गई लेकिन कोई संदिग्ध मोबाइल नंबर नहीं मिला। इससे पुलिस को निराशा हाथ लगी।

घटना स्थल व आसपास साक्ष्य ढूंढ़ने की कोशिश 

रविवार सुबह से रात तक पुलिस टीम घटना स्थल व आसपास जंगल में घूमती रही। पुलिस ने घटना स्थल व आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की। पुलिस को उम्मीद थी कि यहां से दरिंदे के बारे में कोई सुराग मिल सकता है लेकिन अंत में यहां भी निराशा ही हाथ लगी। पुलिस का कहना है कि सोमवार दिन में फिर से छानबीन की जाएगी।

स्थानीय खुफिया इकाई भी सक्रिय 

इस मामले के राजफाश के लिए पुलिस की छह टीमें लगी हैं। सभी अपना काम कर रही हैं। इसके अलावा स्थानीय खुफिया इकाई भी सक्रिय है। स्थानीय खुफिया इकाई की टीम स्थानीय निवासियों के बीच में घुलमिल गए हैं। वह भी दरिंदे के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

150 संदिग्धों से पूछताछ 

पुलिस ने इस मामले करीब डेढ़ सौ संदिग्धों से पूछताछ की। इनमें स्थानीय निवासी, नशेड़ी और जंगल में बिना वजह घूमने वाले लोग शामिल रहे। इन लोगों की संलिप्तता सामने नहीं आई तो पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने रविवार को फिर से सात-आठ लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है। हो सकता है कि उनसे कोई जानकारी मिल जाए।

यह है मामला 

साहिबाबाद कोतवाली की एक कालोनी में राजमिस्त्री परिवार के साथ रहता है। उसकी पांच साल की बेटी एक दिसंबर की दोपहर में करीब दो बजे घर के बाहर से अगवा हो गई थी। करीब 20 घंटे बाद दो दिसंबर की सुबह उसका शव घर से करीब 30 मीटर की दूरी पर मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की भी पुष्टि हुई थी।

नगर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि मामले की छानबीन में छह टीमें लगी हैं। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

MCD Elections: वोटिंग के बाद हार-जीत की सीटों का आकलन कर रहे नेता, BJP ने चौथी बार मेयर बनाने का किया

Delhi MCD Election 2022: उत्तर-पूर्वी जिले में मतदान केंद्रों पर होती रही दिल्ली दंगे की चर्चा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।