संदिग्ध हालात में महिला की मौत, मौसेरे भाई ने की आत्महत्या
जासं गाजियाबाद शाहपुर बम्हैटा में शुक्रवार रात संदिग्ध हालात में महिला की मौत हो गई।

जासं, गाजियाबाद: शाहपुर बम्हैटा में शुक्रवार रात संदिग्ध हालात में महिला की मौत हो गई। स्वजन ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगा हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोनू की मौत की सूचना मिलने के बाद उसका मौसेरा भाई अर्जुन यादव ने शनिवार शाम गाजियाबाद पहुंचा। बहन का शव देखा तो अर्जुन फूट-फूटकर रो पड़ा और जहर खा लिया। स्वजन ने अर्जुन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहा के मेमो से पुलिस को जानकारी मिली। रात करीब दस बजे अर्जुन की मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ कविनगर अंशु जैन ने बताया कि ग्रेटर नोएडा निवासी सोनू की शादी बीते साल 11 दिसंबर को रिकू यादव से हुई थी। सोनू के पिता ने शुक्रवार रात आठ बजे सूचना दी थी कि रिकू व उसके घर वालों ने सोनू की हत्या कर दी है। पुलिस पहुंची तो चारपाई पर सोनू का शव मिला था। शव पर चोट के निशान नहीं थे। सोनू की बहन तनु ने बताया कि ससुराली स्कार्पियो कार मांग रहे थे। इस कारण उससे मारपीट भी की जाती थी। उन्हें रिकू ने शुक्रवार शाम साढ़े छह बजे फोन कर बताया कि सोनू की तबीयत खराब है। वह परिवारीजनों के साथ पहुंची तो सोनू का शरीर नीला पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। तुरंत अस्पताल ले गए तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सीओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। शिकायत मिलती है तो पीएम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।