यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 09, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी में किराए पर लेकर ठगों ने बेच दिए 30 किसानों के ट्रैक्टर, मुकदमा दर्ज; पुलिस ने जांच शुरू की
फिरोजाबाद में आदित्य इंटरप्राइजेज नामक कंपनी ने किसानों को ट्रैक्टर किराए पर लेने का लालच देकर उनके ट्रैक्टरों को बेच ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। ठगों ने कंपनी बनाकर किसानों को किराए का झांसा देकर ट्रैक्टर लिए और फिर उनको बाजार में बेच दिया। कई दिनों से कंपनी के आफिस पर ताला लगा देख किसानों को शक हुआ। एक किसान ने जीपीएस लोकेशन के आधार पर ट्रैक्टर को मैनपुरी से पकड़ा।
ट्रैक्टर के साथ पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। अब तक पीड़ित 30 किसान सामने आए हैं। यह संख्या 200 के पार भी हो सकती है। किराए के मकान में 10 माह पहले आदित्य इंटरप्राइजेज नाम की कंपनी का कार्यालय खुला। कंपनी के अधिकारियों ने किसानों से ट्रैक्टर किराए पर लेने के लिए संपर्क किया।
25 हजार रुपये प्रतिमाह किराए के एग्रीमेंट कराकर ट्रैक्टर ले लिए। किसी को दो तो किसी को चार माह का किराया दिया गया। इसके बाद कंपनी वालों ने अगले महीने किराया मिल जाएगा, कहकर टरकाना शुरू कर दिया। इसके बाद किसानों ने ट्रैक्टर वापस मांगने शुरू कर दिए।
30 जुलाई को कंपनी के कार्यालय पर ताला लगा दिया गया। इसके बाद किसानों ने कंपनी के अधिकारियों की तलाश शुरू कर दी। शनिवार दोपहर ट्रैक्टर के साथ थाने पहुंचे राजेश ने बताया कि कंपनी ने ट्रैक्टर किराए पर लिया था। पता चला कि उनके ट्रैक्टर को बाराबंकी भेज दिया है।
ट्रैक्टर में लगे जीपीएस से घेराबंदी कर ट्रैक्टर और चालक को पकड़कर थाने लाए हैं। मथुरा के बिजेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसे दो हजार रुपये में बाराबंकी तक पहुंचाने के लिए ट्रैक्टर दिया गया था। इसके अलावा उसे कोई जानकारी नहीं है। ठगी का पता चलने पर दो दर्जन किसान थाने पहुंच गए।
इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि सुनियोजित तरीके से ठगी का मामला सामने आया है। पकड़े गए चालक से पूछताछ की जा रही है। कंपनी में जिले के अलग-अलग क्षेत्र के लोग शामिल हैं। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
