Firozabad News: गोदाम में रखे थर्मोकोल में लगी आग, लपटें देखकर भागे मजदूर; लाखों का नुकसान
फिरोजाबाद में लाइनपार विद्युत सब स्टेशन के पास एमके ग्लास फैक्ट्री के गोदाम में शुक्रवार दोपहर शार्ट सर्किट से आग लग गई। गोदाम में रखे थर्माकोल ने आग ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। लाइनपार विद्युत सब स्टेशन के पास स्थित एमके ग्लास फैक्ट्री के गोदाम में रखे थर्माकोल में शुक्रवार दोपहर आग लग गई। धुंआ और लपटें निकलते देख सनसनी फैल गई। दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से आग पर जल्द काबू पा लिया गया। घटना में लाखों रुपये कीमत का थर्माकोल जल गया।
आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई गई है। लेबर कालोनी निवासी किशन राठी की इस फैक्ट्री में पहले ग्लास के आयटम बनते थे। कई महीने से फैक्ट्री बंद थी। वर्तमान में फैक्ट्री के यार्ड में बने गोदाम में थर्माकोल का स्टाेर रखा था। यहां से थर्माकोल की आपूर्ति जिले में की जाती थी।

दोपहर तीन बजे वहां आधा दर्जन मजदूर काम कर रहे थे। इस बीच गोदाम के एक कोने में आग लग गई। धुंआ और लपटें निकलती देख मजदूर भाग कर फैक्ट्री के बाहर आ गए। आसपास रहने वाले लोगों की भीड़ पहुंच गई। फैक्ट्री स्वामी और उनके स्वजन भी आ गए। देखते-देखते आग ने पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया।
लपटें ऊंची निकलने लगीं। अग्निशमन अधिकारी दुर्गेश कुमार दमकल की गाड़ियां और टीम लेकर पहुंचे। आधे घंटे में आग बुझा दी गई। थाना लाइनपार के इंस्पेक्टर संजुल पांडेय और अग्निशमन अधिकारी ने आग लगने की वजह शार्ट सर्किट को बताया है।
गोदाम की एनओसी न अग्निशमन की व्यवस्था
अग्निशमन अधिकारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि एमके ग्लास फैक्ट्री के गोदाम की एनओसी उनके विभाग से नहीं ली गई थी। बिना एनओसी के कई महीने से गोदाम का संचालन किया जा रहा था। वहां आग बुझाने की व्यवस्थाएं भी नहीं मिलीं। इन मामलों में गोदाम स्वामी को नोटिस दिया जाएगा।
अजमेरी गेट पर सात घरों में लोग बिजली चोरी करते पकड़े
वहीं दूसरी ओर, फिरोजाबाद में विद्युत विभाग ने गुरुवार रात पुलिस फोर्स के साथ अजमेरी गेट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक घरों में लोग कटिया डालकर बिजली चोरी करते पकड़े गए। शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्र में बड़े बकाएदारों के विरुद्ध अभियान चला।
इस दौरान दो दर्जन से अधिक घरों के कनेक्शन काटे गए। शहर में बिजली चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। आसफाबाद एसडीओ धर्मवीर सिंह ने रात में विद्युत टीम के साथ अजमेरी गेट क्षेत्र में डोर-टू- डोर अभियान चलाया। इस दौरान कुछ घरों में छतों पर कटिया केबल गुजरते नजर आईं। पुलिस की मदद से ऐसे घरों के गेट खुलवा कर जांच कराई गई। इस दौरान सात घरों में बिजली चोरी के मामले पकड़े गए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।