UPSC 2nd Topper की सादगी, सरकारी अस्पताल पर जताया भरोसा; मां बनीं IAS जागृति अवस्थी
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2020 की सेकंड टॉपर और सोनभद्र की सीडीओ जागृति अवस्थी ने अपने पहले बच्चे को जन्म देने ...और पढ़ें

जागृति अवस्थी।
HighLights
यूपीएससी टॉपर जागृति अवस्थी ने जिला अस्पताल में दिया बच्चे को जन्म।
सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा जताकर सादगी का दिया बड़ा संदेश।
उनके इस फैसले की इंटरनेट मीडिया पर भी हो रही है खूब सराहना।
जागरण टीम, फतेहपुर/सोनभद्र। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा -2020 की सेकंड टापर ने सादगी से बड़ा संदेश दिया। प्रशासनिक पद की ऊंचाई, देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में दूसरी रैंक और परिवार में IPS अधिकारी पति होने के बावजूद IAS जागृति अवस्थी ने सादगी की मिसाल पेश की।
सोनभद्र की मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जागृति अवस्थी ने अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए किसी बड़े निजी अस्पताल के बजाय जिला अस्पताल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) विंग पर भरोसा जताया और बेटे को जन्म दिया। शुक्रवार सुबह इसकी जानकारी उनके पैतृक गांव फतेहपुर की बिंदकी तहसील स्थित नसेनियां पहुंची तो परिवार में खुशियों की लहर दौड़ गई। स्वजन ने मिठाई बांटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।
जागृति के चाचा और इंटर कालेज के पूर्व प्रवक्ता योगेश कुमार अवस्थी कहते हैं कि भतीजी के जीवन में शालीनता और सादगी कूट-कूटकर भरी है। उन्हें विश्वास है कि ऊंचे पद पर पहुंचने के बाद भी वह अपने इन गुणों को जीवनभर बनाए रखेंगी।
सोनभद्र में ही कराया प्रसव
जिला अस्पताल में प्रसव कराने के फैसले पर उन्होंने बताया कि इसमें उन्हें कोई आश्चर्य नहीं हुआ। जागृति से बातचीत हुई थी तो उन्होंने बनारस के बजाय सोनभद्र में ही प्रसव कराने का निर्णय सुनाया था। उनके इस फैसले में कर्तव्य के प्रति समर्पण और अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ाव साफ झलकता है।
पति आईपीएस मध्य प्रदेश में तैनात
योगेश बताते हैं कि जागृति के पति गौरव पांडेय को हैदराबाद जाना था तो उन्होंने सहजता से उन्हें जाने दिया। गौरव पांडेय भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) के अधिकारी हैं और वर्तमान में मध्य प्रदेश में तैनात हैं। ऐसे में जागृति का अपने कार्यक्षेत्र में रहकर सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने का फैसला परिवार के लिए भी गर्व का विषय है।
चूल्हे ही रोटी और दाल पसंद
रिश्ते में भाई और मौसी के बेटे आदित्य पांडेय कहते हैं कि जागृति ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक यूपीएससी में दूसरी रैंक हासिल की, लेकिन घर लौटते ही उनमें बचपन वाली वही सहजता और अपनापन नजर आता है। वह अपनों से उसी तरह मिलती हैं, जैसे पहले मिला करती थीं। सादा भोजन उन्हें बेहद पसंद है। चूल्हे की रोटी और दाल उनकी पसंदीदा चीजों में शामिल हैं। गांव आने पर बिना किसी औपचारिकता के सीधे अपनी पसंद का खाना बनाने की फरमाइश कर देती हैं।
14 नवंबर को जागृति का जन्मदिन
आदित्य बताते हैं कि जागृति परिवार के युवाओं को हमेशा यही सीख देती हैं कि जिंदगी में चाहे जितना बड़ा मुकाम हासिल कर लो, लेकिन अपना अपनापन और जमीन से जुड़ाव कभी नहीं छोड़ना चाहिए। हर किसी से सहजता से बातचीत करना उनकी आदत में शामिल है। यही वजह है कि उनके मां बनने की खबर से गांव और परिवार के हर सदस्य में खुशी है। 14 नवंबर को जागृति का जन्मदिन भी है। परिवार में पहले से इस बात की चर्चा हो रही थी कि कहीं मां और बच्चे का जन्मदिन एक ही तारीख को न पड़ जाए।
सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा
जागृति अवस्थी का सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने का फैसला केवल व्यक्तिगत पसंद नहीं, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसे का संदेश भी माना जा रहा है। आमतौर पर आर्थिक रूप से सक्षम और उच्च पदों पर बैठे लोग प्रसव के लिए बड़े निजी अस्पतालों को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2020 की सेकंड टापर और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी का जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं पर भरोसा जताना चर्चा का विषय बन गया है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति सकारात्मक संदेश
उनके इस फैसले से सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति सकारात्मक संदेश गया है। सरकारी अस्पतालों में निश्शुल्क उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाएं गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत हैं। जागृति का कदम इस भरोसे को मजबूत करने वाला है कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए हर बार महंगे निजी अस्पतालों का रुख करना जरूरी नहीं। इंटरनेट मीडिया पर भी उनके इस फैसले की सराहना हो रही है। एक ओर प्रशासनिक जिम्मेदारी के प्रति समर्पण और दूसरी ओर जीवन में सादगी, सहजता व अपनों के प्रति प्रेम का भाव जागृति अवस्थी को उनके गांव और परिचितों के बीच खास पहचान दिलाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।