Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Fatehpur Temple Comb Case: चेहल्लुम पर मकबरे के पास सख्ती, जन्माष्टमी को लेकर सुरक्षा और बढ़ी

    Updated: Fri, 15 Aug 2025 01:52 PM (IST)

    बवाल के बाद मठ-मंदिर संरक्षण संघर्ष समिति के सदस्यों ने भी घोषणा कर रखी है कि जन्माष्टमी विवादित स्थल पर ही मनाएंगे। इसको देखते हुए भी कड़ी सुरक्षा बरती जा रही है। प्रशासन ने विवादित स्थल के सामने ढाई एकड़ के मैदान को भी बैरिकेड्स से घेर दिया है। मंदिर-मठ संरक्षण संघर्ष कमेटी ने दावा किया था कि प्राचीन ठाकुरजी विराजमान से मूर्तियां हटाकर मकबरा बनाया गया है।

    Hero Image
    मंदिर-मकबरा विवाद के बाद सुरक्षा कारण से मैदान परिसर को बैरीकेड्स लगाते मजदूर। जागरण

    जागरण संवाददाता, फतेहपुर। चार दिन पहले बवाल का केंद्र बना आबूनगर रेडइया स्थित मकबरा प्रशासन के कब्जे में लिए जाने के बाद सख्त पहरे में है। यहां किसी को जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। पुलिस, पीएसी व एटीएस कमांडो का सुरक्षा घेरा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुवार को चेहल्लुम पर भी यहां सख्ती रही। मकबरे में चादर चढ़ाए जाने की आशंका थी, हालांकि कोई नहीं पहुंचा। उधर, बवाल के बाद मठ-मंदिर संरक्षण संघर्ष समिति के सदस्यों ने भी घोषणा कर रखी है कि जन्माष्टमी विवादित स्थल पर ही मनाएंगे। इसको देखते हुए भी कड़ी सुरक्षा बरती जा रही है।

    प्रशासन ने विवादित स्थल के सामने ढाई एकड़ के मैदान को भी बैरिकेड्स से घेर दिया है। मंदिर-मठ संरक्षण संघर्ष कमेटी ने दावा किया था कि प्राचीन ठाकुरजी विराजमान से मूर्तियां हटाकर मकबरा बनाया गया है। वहां पूजा करने की बात कहकर 11 अगस्त को भाजपा, विहिप व हिंदू महासभा के पदाधिकारियों के नेतृत्व में भीड़ बैरिकेड्स तोड़कर मकबरे तक पहुंच गई और मजारों में तोड़फोड़ की थी। वहां पूजा की गई।

    मजारों और मकबरे के पहले तल पर भगवा झंडा लहराया गया था। गुरुवार को कमिश्नर प्रयागराज मंडल विजय विश्वास पंत, आइजी अजय कुमार मिश्र, डीएम रविंद्र सिंह ने विवादित स्थल पहुंचे। बैरिकेड्स से घेरेबंदी को और मजबूत करने का निर्देश दिए। पीएसी, पुलिस बल और एसटीएफ के पहरे के कारण यहां पूरे दिन सन्नाटा रहा।

    सुबह आठ से पांच बजे तक आबूनगर रेडइया क्षेत्र के लोगों को आवागमन में ढील दी गई। इंटरनेट मीडिया में माहौल खराब करने वाली पोस्टों को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। एसपी अनूप सिंह ने कहा कि माहौल खराब करने वाली पोस्ट करने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी। विवाद में पुलिस ने दस नामजद और 150 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

    पुलिस का दावा है कि नामजद आरोपितों के मोबाइल फोन स्विच आफ हैं, जबकि अज्ञात आरोपितों की पहचान वीडियो फुटेज से की जा रही है। इन सबके बीच राजस्व टीम ने कलेक्ट्रेट के मालाखाना में पुराने रिकार्डों की छानबीन की है। पुराने रिकार्ड पलटे गए। डीएम रविंद्र सिंह ने कहा कि पूरा ध्यान इस समय शांति और सुरक्षा पर है। एक बार स्थितियां बेहतर होंगी तभी जांच पूरी की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- Fatehpur Temple Tomb Case: बाग की भूमि पर मकबरा तो कहां गया सवंलिया सेठ का मंदिर? जमीन को लेकर एक और दावा आया सामने