यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आयकर विभाग के कार्यालय में CBI ने मारा छापा, अधिकारी व स्टेनो को किया गिरफ्तार; देखते रह गए लोग
Fatehpur News सीबीआइ लखनऊ की टीम ने शुक्रवार देर शाम आयकर विभाग के कार्यालय में छापा मारकर आयकर अधिकारी नितिन ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, फतेहपुर। सीबीआइ लखनऊ की टीम ने शुक्रवार देर शाम आयकर विभाग के कार्यालय में छापा मारकर आयकर अधिकारी नितिन शुक्ला (आईटीओ) तथा स्टेनो आलोक को शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ लिया। टीम दोनों आरोपितों को साथ में लेकर लखनऊ चली गई। जहां पर दोनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। स्टेनो हथगाम क्षेत्र का है।
शिकायतकर्ता रंजीता शुक्ला ने बताया था कि आयकर अधिकारी एवं स्टेनो ने 25 हजार रुपये रिश्वत न देने पर उनके ग्राहक सेवा पोर्टल के विरुद्ध झूठी शिकायत करने और जुर्माना लगाने की धमकी दी।
बातचीत के दौरान ने रिश्वत की धनराशि घटाकर 20 हजार रुपये कर दी थी। सीबीआइ ने शुक्रवार शाम आयकर विभाग के कार्यालय में छापा मारा और शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये रिश्वत लेते दोनों को पकड़ा।
राधानगर उपकेंद्र के जेई को लात-घूंसों से पीटकर धमकी दी
शहर के वर्मा चौराहा में शुक्रवार देर शाम स्कूटी सवार जेई की गाड़ी में सामने आ रहे दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी। जिस पर जेई ने टोक दिया। बस इसी बात पर वाहन सवारों ने जेई को रोककर लात घूंसों से पीटा और उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए चले गये। पीड़ित जेई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीन अज्ञात युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
33/11 केवी उपकेंद्र राधानगर टाउन के अवर अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह शुक्रवार शाम पटेलनगर चौराहा से विद्युत उपकेंद्र राधानगर की बिगड़ी लाइन ठीक कराने जा रहे थे। साईं मंदिर वर्मा चौराहा के समीप उनकी स्कूटी में एक वाहन ने टक्कर मार दी।
विरोध करने पर तीन युवक वाहन से उतरे और उसे लात घूंसों से जमकर पीटा, इसके बाद धमकी देकर निकल गये। टक्कर से स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि तीन अज्ञात युवकों पर मुकदमा दर्ज कर आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे जा रहे हैं। शीघ्र ही युवकों को गिरफ्तार किया जायेगा।
