कम खाती है, ज्यादा दूध देती है और नखरे भी नहीं... फर्रुखाबाद मेले में 8 लाख की भैंस ने खींचा सबका ध्यान
फर्रुखाबाद के शमसाबाद में कार्तिक पूर्णिमा मेले में आठ लाख रुपये की एक भैंस लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जो कम चारा खाकर 25 लीटर दूध देती है। हालांकि, इसकी उच्च कीमत के कारण अभी तक कोई खरीदार नहीं मिला है, जबकि मेले में अन्य भैंसों की बिक्री जारी है।

ढाई घाट पर लगे कार्तिक पूर्णिमा मेला के पशु बाजार में आठ लाख और पांच लाख की भैंस देखते लोग। जागरण
HighLights
फर्रुखाबाद मेले में आठ लाख की भैंस बनी आकर्षण।
यह भैंस कम चारा खाकर 25 लीटर दूध देती है।
उच्च कीमत के कारण अभी तक खरीदार नहीं मिला।
संवाद सूत्र, शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। कम चारा खाने और करीब 25 लीटर दूध देने की क्षमता वाली आठ लाख रुपये की भैंस फर्रुखाबाद मेले में लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसकी कीमत और खासियत जानकर पशुपालक भी हैरान हैं। व्यापारी के मुताबिक, यह भैंस दूसरी भैंसों के मुकाबले कम चारा खाती है और ज्यादा भागदौड़ भी नहीं करती। इसके छोटे सींग और आकर्षक बनावट भी इसे खास बनाते हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर लगे पशु मेले 30 हजार से लेकर आठ लाख रुपये तक की भैंस लेकर व्यापारी पहुंचे। आठ लाख की भैंस देखने के लिए भीड़ तो लगी रही, लेकिन अब तक उसका कोई खरीदार नहीं मिला। मेले में दो लाख रुपये तक की भैंस की बिक्री हुई।
ढाई घाट गंगा तट पर कार्तिक पूर्णिमा मेला में पशु बाजार लगा है। इस मेले में लगे पशु बाजार में मथुरा, आगरा, हरियाणा व राजस्थान से बड़ी संख्या में व्यापारी भैंस लेकर आए हैं। मंगलवार को मथुरा निवासी पशु व्यापारी बिल्लू खान 17 भैंस लेकर आए। जिसमें एक भैंस आठ लाख व एक भैंस पांच लाख की है। आठ लाख की भैंस को देखने के लिए क्षेत्र के काफी लोग पहुंचे।
बिल्लू खान ने बताया कि आठ लाख कीमत की भैंस देखने लोग आ रहे हैं, लेकिन बिक नहीं सकी। उनकी 17 भैंस में कम कीमत की पांच भैंस की बिक्री हुई है। जनपद आगरा थाना वाह क्षेत्र निवासी इस्माइल 20 भैंस लेकर आए। उनके पास दो भैंस पांच-पांच लाख रुपये की हैं। उसके अलावा कम से कम 30 हजार रुपये कीमत की भैंस है। उन्होंने बताया कि 30 हजार से लेकर दो लाख तक की आठ भैंस बिक गयी हैं। इससे अधिक कीमत की भैंस नहीं बिक रहीं। अधिक कीमत की भैंस देखने तो लोग आते हैं, लेकिन खरीद कोई नहीं रहा।
व्यापारी बिल्लू खान ने बताया कि यह भैंस लगभग 25 लीटर दूध देगी और चारा भी अधिक नहीं खाती है। अन्य भैंसे इससे अधिक चारा खाती हैं। इसके सींग बहुत ही छोटे हैं और देखने में अच्छी लगती है। अधिक भागदौड़ नहीं करती। गंदगी भी अधिक नहीं करती है। यह बहुत ही समझदार मवेशी है, इस कारण इस भैंस की कीमत आठ लाख रुपये है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।