UP News: उफनाई गंगा में फेंकी गई किशोरी, 40 मिनट तक खंभा पकड़कर बचाई जान
फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर एक किशोरी को गंगा में फेंका गया जिसने 40 मिनट तक पुल का खंभा पकड़कर अपनी जान बचाई। गोताखोरों ने उसे सुरक्षित निकाला। किशोरी ने अपने माता-पिता पर आरोप लगाया कि उन्होंने उसे गंगा में डुबोने की कोशिश की। बाल कल्याण समिति ने मामले की जांच शुरू कर दी है और किशोरी को अपनी देखरेख में ले लिया है।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। जनपद शाहजहांपुर की किशोरी शनिवार तड़के संदिग्ध हालात में गंगा में डूबने लगी। वह उफनाई गंगा में पुल का खंभा पकड़कर 40 मिनट तक चीखती रही। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। नाविकों व गोताखोरों को जगाकर घर से बुलाया गया।
उन्होंने किशोरी को सकुशल निकाल लिया। उसने अपने स्वजन पर गंभीर आरोप लगाए। किशोरी के स्वजन भी वहां मौजूद थे। पुलिस दिन भर इस मामले को दबाए रही। शाम को उसे बाल कल्याण समिति की सुपुर्दगी में दिया गया।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के पांचालघाट पर इन दिनों गंगा उफनाई हुई हैं। घाट पर पूजा-पाठ कराने वाले लोग वहीं ऊपर सीढ़ियोंं पर पड़े तखत पर सोते हैं। लोग पुल पर टहलने जाते हैं, गंगा स्नानार्थी भी तड़के पहुंच जाते हैं। तड़के करीब चार बजे गंगा में किशोरी की चीख-पुकार सुनाई दी।
सूचना पर पांचालघाट चौकी के पुलिस कर्मी भी पहुंच गए। उफनाई गंगा में पुल का खंभा पकड़कर चीख रही किशोरी को देखकर हलचल मच गई। गोताखोर व नाविकों को जगाकर घरों से बुलवाया गया। गोताखोरों ने किशोरी को सकुशल बाहर निकाल लिया।
17 वर्षीय किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह जनपद शाहजहांपुर थाना शेरामऊ दक्षिणी के एक गांव की निवासी है। उसे पिता व माता ने ही गंगा में फेंक दिया था। खोजबीन के बाद पुलिस को किशोरी के पिता भी पांचालघाट पर मिल गया। मामला संगीन होने के कारण पुलिस मामले को दबाने में जुट गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि किशोरी घबराई हुई थी। उसे चाइल्ड हेल्प लाइन को सौंप दिया गया है।
हालांकि चाइल्ड लाइन ने घटना की जानकारी से इंकार कर दिया। इस संबंध में पूछे जाने पर शाम को कार्यवाहक थाना प्रभारी संजय कुमार राय ने बताया कि किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। वह घर में डांटे जाने से नाराज होकर पांचालघाट पर गंगा में कूदी थी। वह घर नहीं जाना चाहती।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में फिल्मी स्टाइल में बाइक पर रोमांस, टंकी पर बैठी लड़की ने प्रेमी के गले में डाला हाथ; VIDEO वायरल
शाम को पांचाल घाट चौकी इंचार्ज मोहित मिश्रा किशोरी को लेकर बाल कल्याण समिति पहुंचे। समिति की अध्यक्ष अंजू गंगवार ने किशोरी के बयान लिए। किशोरी ने माता-पिता द्वारा उसे रात दो बजे घर से गंगा स्नान के बहाने पांचाल घाट लाने व नहाते समय गंगा में धक्का देने की बात की पुष्टि कर दी। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष ने किशोरी के बयान पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।