भाजपा ने तीन व सपा ने दो सीटों पर लहराया परचम
अयोध्या विधानसभा चुनाव के सभी परिणाम आ गए। पांच विधानसभा सीटों में से अयोध्या रुदौली व बीकापुर

अयोध्या: विधानसभा चुनाव के सभी परिणाम आ गए। पांच विधानसभा सीटों में से अयोध्या, रुदौली व बीकापुर पर भाजपा एवं गोसाईंगंज व मिल्कीपुर (सुरक्षित) सीट पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की। 2017 के विधानसभा चुनाव में सभी सीटें भाजपा ने जीती थीं।
पूर्व मंत्रियों में सपा के अवधेश प्रसाद चुनाव जीत गए एवं अयोध्या से सपा प्रत्याशी तेजनारायण पांडेय पवन व रुदौली सीट से आनंदसेन यादव हार गए। विधायकों में रुदौली सीट से भाजपा के रामचंद्र यादव ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई। उनकी जीत का अंतर भी जिले में सर्वाधिक 40703 हजार का है। प्रतिष्ठित अयोध्या सीट से भाजपा के वेदप्रकाश गुप्त जीत गए। मिल्कीपुर सुरक्षित सीट से विधायक व भाजपा प्रत्याशी गोरखनाथ चुनाव हार गए। बीकापुर सीट से भाजपा के अमित सिंह चौहान ने 5855 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। गोसाईंगंज सीट से भाजपा की आरती तिवारी भी हार गईं। पूर्व विधायकों में गोसाईंगंज सीट से सपा प्रत्याशी अभय सिंह चुनाव जीत गए वहीं पूर्व विधायकों में बसपा प्रत्याशी अब्बास अली जैदी रुदौली सीट से हार गए।
अयोध्या सीट पर भाजपा के वेदप्रकाश गुप्त ने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के तेजनारायण पांडेय पवन से 20102 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी की लगातार दूसरी जीत है। अयोध्या सीट पर भगवा दुर्ग की दावेदारी बरकरार रखी। बीकापुर सीट से भाजपा प्रत्याशी अमित सिंह चौहान ने निकटतम प्रत्याशी सपा के फिरोज खान गब्बर को 5855 मतों के अंतर से हरा दिया। भाजपा प्रत्याशी अमित सिंह चौहान को 106907 मत मिले सपा प्रत्याशी फिरोज खान को 101052 मत मिले। मिल्कीपुर सीट से सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद 13916 मतों के अंतर से जीत गए। उन्होंने विधायक व भाजपा प्रत्याशी गोरखनाथ को हराया। अवधेश प्रसाद को 103905 मत मिले। निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के गोरखनाथ को 90567 मत मिले। रुदौली सीट से भाजपा के रामचंद्र यादव ने 40703 मतों के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की। भाजपा के रामचंद्र यादव को 93802 मत मिले। निकटतम प्रत्याशी सपा के आनंदसेन यादव को 53189 मत मिले। गोसाईंगंज सीट से सपा प्रत्याशी अभय सिंह 13077 मतों के अंतर से जीत गए। सपा प्रत्याशी अभय सिंह को 105863 मत व भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी को 92786 मत मिले।
मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में सुबह आठ बजे राजकीय इंटर कालेज में शुरू हुई। पहले पोस्टल बैलेट कर मतगणना की गणना शुरू हुई। निर्वाचन प्रेक्षक के अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार, एसएसपी शैलेष पांडेय, सीडीओ अनिता यादव एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह विधानसभावार भ्रमण करते रहे। ईवीएम की खराबी से मतगणना में व्यवधान हुआ। ईवीएम की स्क्रीन पर डाटा न दिखने से इंजीनियरों से ठीक कराने के बाद मतगणना कराई गई। किसी विधानसभा सीट पर एक तो किसी में दो सर्वाधिक ईवीएम रुदौली व गोसाईगंज में खराब हुईं। ईवीएम खराबी का आंकड़ा इकाई में ही रहा। ज्यादा समय के लिए मतगणना प्रभावित नहीं हो सकी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।