इटावा में 6 नवंबर से सजेगा पटाखों का बाजार, इन 8 जगह लगेंगी दुकानें, जानें बाजारों की पूरी लिस्ट
इटावा जिले में दीपावली के लिए 6 से 9 नवंबर तक आठ स्थानों पर अस्थायी पटाखा बाजार लगाए जाएंगे। सुरक्षा ...और पढ़ें

पटाखा बाजार की प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
इटावा में 6 से 9 नवंबर तक लगेंगे अस्थायी पटाखा बाजार
आठ स्थानों पर अधिकतम 50 दुकानें, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अग्निशमन विभाग की निगरानी, फायर ब्रिगेड वाहन तैनात रहेंगे
जागरण संवाददाता, इटावा। दीपावली पर आतिशबाजी की खरीदारी के लिए इस बार जिले में आठ स्थानों पर अस्थायी पटाखा बाजार सजाए जाएंगे। छह से नौ नवंबर तक चार दिन के लिए लगने वाले इन बाजारों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। प्रशासन ने एक स्थान पर अधिकतम 50 दुकानें लगाने की सीमा तय की है।
दुकानों के बीच पांच फीट की दूरी रखी जाएगी और सभी दुकानें लोहे के टीनशेड में लगाई जाएंगी। आबादी से दूर निर्धारित सुरक्षित स्थलों पर ही आतिशबाजी का भंडारण और बिक्री हो सकेगी। शहरी क्षेत्र में सिटी मजिस्ट्रेट व ग्रामीण क्षेत्र में एसडीएम लाइसेंस जारी करेंगे।

अस्थायी आतिशबाजी दुकानों के लाइसेंस के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। शहरी क्षेत्र के आवेदकों को नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय और ग्रामीण क्षेत्र के आवेदकों को संबंधित एसडीएम कार्यालय में निर्धारित प्रारूप पर तीन प्रतियों में आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ संबंधित थाने और अग्निशमन विभाग की रिपोर्ट भी लगानी होगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और मुख्य अग्निशमन अधिकारी की संस्तुति के बाद नियमानुसार लाइसेंस जारी किए जाएंगे।
प्रशासन की योजना के मुताबिक अस्थाई पटाखा बाजारों में सुरक्षा की दृष्टि से अग्निशमन विभाग के वाहन तैनात रहेंगे। अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी, ताकि किसी अप्रिय स्थिति में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके। पिछले वर्ष जिले में 121 अस्थायी आतिशबाजी लाइसेंस जारी किए गए थे। इस बार शहरी क्षेत्र के लिए अब तक करीब 55 आवेदन पत्र खरीदे जा चुके हैं। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
यहां सजेंगे बाजार
शहर क्षेत्र
- नुमाइश मैदान, इटावा
- बसरेहर
ग्रामीण क्षेत्र
- भरथना
- सैफई
- रामलीला बाजार जसवंतनगर
- चकरनगर
- अहेरीपुर
- बकेवर
जिले में छह से नौ नवंबर तक चार दिन के लिए अस्थायी पटाखा बाजार लगाए जाएंगे। जिले में आठ स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें शहरी क्षेत्र में नुमाइश मैदान इटावा में यह बाजार लगेगा। एक स्थान पर 50 से अधिक दुकानों की अनुमति नहीं होगी। दुकानों के बीच करीब पांच फीट की दूरी रखी जाएगी और उन्हें लोहे के टीनशेड में लगाया जाएगा। सभी बाजार आबादी से दूर होंगे। सुरक्षा के लिए अग्निशमन विभाग के वाहन और अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे।
- राजेन्द्र बहादुर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट, इटावा
एसडीएम व सीओ ने स्थल का किया निरीक्षण
दीपावली पर्व को देखते हुए अस्थाई पटाखा बाजार की सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर तहसील प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एसडीएम रोहित कुमार मौर्य व सीओ अभय नारायण राय ने थाना प्रभारी शशांक राजपूत के साथ कस्बा के राजपुर सड़क मार्ग पर अतुल पौधशाला के सामने मैदान परिसर में निर्धारित किए गए पटाखा बाजार स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस बार बाजार पांडरी मंदिर के पास जगह में बदलाव
एसडीएम रोहित कुमार मौर्य ने बताया कि पूर्व में कस्बा में पटाखा बाजार पांडरी मंदिर के पास लगता था, लेकिन वहां व्यवस्थागत समस्याओं व असुविधाओं को देखते हुए इस बार स्थान परिवर्तित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित स्थल के बाहर पटाखों की बिक्री करने अथवा प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीओ अभय नारायण राय ने कहा कि प्रत्येक दुकान के ऊपर टीन की चादर लगाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही हर दुकानदार को दुकान के पास दो अग्निशमन सिलेंडर, दो बालू की बोरियां व पानी से भरे ड्रम की व्यवस्था रखनी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।