पितरों के लिए श्राद्ध का भोजन बनाते समय हादसा, व्यापारी के मकान में लगी आग, दंपती सहित 3 झुलसे, एक की मौत
भरथना के शुक्लागंज में श्राद्ध का भोजन बनाते समय गैस सिलेंडर लीक होने से घर में आग लग गई। इस ...और पढ़ें

रश्मि देवी की फाइल फोटो व घायल महिला लीला देवी को लेकर जाते लोग। जागरण
HighLights
सिलिंडर लीक होने से हुई दुर्घटना, दंपती समेत तीन गंभीर झुलसे, गृहस्थी का सामान भी जला
दूसरी मंजिल की सीढ़ियों से गिरकर बुजुर्ग मां घायल, तंग गलियों में नहीं पहुंच सकी दमकल
संवाद सहयोगी, भरथना (इटावा)। मुहल्ला शुक्लागंज में शनिवार सुबह पितरों के लिए श्राद्ध का भोजन बनाते समय गैस सिलिंडर लीक होने से व्यापारी के मकान में आग लग गई। लपटों की चपेट में आकर देवरानी-जेठानी समेत उन्हें बचाने वाले जेठानी के पति गंभीर रूप से झुलस गए।
वहीं गृहस्वामी की वृद्ध मां बचकर भागते समय सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गईं। तंग गली के कारण दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में मोहल्लेवासियों एवं स्वजनों के आग पर काबू पाया। आगजनी में गृहस्थी का सामान भी जल गया। झुलसे लोगों को यूपीयूएमएस, सैफई के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां 30 वर्षीय देवरानी रश्मि ने इलाज के दौरान देर शाम दम तोड़ दिया।
शुक्लागंज निवासी व्यापारी गणेश गुप्ता के घर में शनिवार सुबह आठ बजे श्राद्ध के लिए छोटे भाइयों की बहुएं भोजन तैयार कर रही थीं। इस दौरान सिलिंडर में गैस लीक होने से आग लग गई, जो देखते-देखते ही विकराल हो गई।
खाना बना रही 30 वर्षीय रश्मि पत्नी दीपक और 26 वर्षीय रानी गुप्ता पत्नी प्रेम किशोर लपटों में घिरकर बुरी तरह झुलस गईं। चीख-पुकार सुनकर रानी के पति प्रेम किशोर ने साहस दिखाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन वे खुद झुलस गए।
वृद्ध मां लीला देवी बचकर भागते समय सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गईं। आग के कारण तीसरी मंजिल पर फंसी छोटे भाई प्रभाकर की पत्नी लक्ष्मी गुप्ता को पड़ोसी की छत के रास्ते सीढ़ी लगाकर बाहर निकाला गया। घनी आबादी के बीच भीषण आग से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर बुलाई गई, लेकिन गली का मुख्य रास्ता संकरा होने से वह अंदर नहीं घुस सकी, जिससे आग बुझाने में और देरी हुई। मोहल्लेवासियों व घर के सदस्यों ने कंबल, बोरे और पानी का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक व्यापारी का लाखों का गृहस्थी का सामान, फ्रिज, टीवी समेत अन्य सामान जल गया। आग में झुलसे लोगों को सीएचसी से यूपीयूएमएस,सैफई रेफर किया गया, जहां देर शाम रश्मि ने दम तोड़ दिया।
