विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटावा महोत्सव 22 नवंबर से होगा शुरू, डेढ़ महीने तक रहेगा गुलजार, जानें क्या है इस बार खास

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:37 PM (IST)

इटावा महोत्सव का 22 नवंबर को रंगारंग आगाज होगा, जो करीब डेढ़ महीने तक चलेगा। इस बार 1050 से अधिक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, इटावा। जनपद के ऐतिहासिक इटावा महोत्सव का 22 नवंबर को दोपहर तीन बजे रंगारंग आगाज होगा। करीब डेढ़ महीने तक चलने वाले इस उत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। प्रदर्शनी परिसर में कहीं दुकानों का निर्माण हो रहा है तो कहीं रंगाई-पुताई और बिजली की सजावट का काम चल रहा है। महोत्सव पंडाल के मंच को भी सजाने-संवारने की तैयारी शुरू हो गई है।

इस बार महोत्सव में 1050 से अधिक दुकानें लगाई जाएंगी, जिनमें 450 से अधिक लेंटर वाली पक्की दुकानें होंगी। अन्य दुकानों को भी प्रशासन की ओर से तैयार कराया जा रहा है। इस बार भी पिछले वर्ष की तरह महोत्सव का बाजार अलग-अलग जोन में सजेगा। इसके लिए कामर्शियल जोन, टेक्सटाइल जोन, शिल्पी जोन और फूड जोन तैयार किए जा रहे हैं। वहीं सर्कस रोड पर खेल-तमाशे का बाजार भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

बुद्धा पार्क के सामने और उसके बगल में खाली पड़े मैदानों में भी दुकानें लगाई जाएंगी। इन स्थानों पर पिछले वर्ष तक पार्किंग की व्यवस्था रहती थी। इसके अलावा पंडाल गेट के सामने लगने वाले अधिकारियों के शिविरों का स्थान भी बदला गया है।

जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने एडीएम न्यायिक मनोज प्रकाश को नोडल अधिकारी नामित किया है। जिनके नेतृत्व में संबंधित अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। दुकानों के निर्माण, बाजारों के निर्धारण, पंडाल, बिजली, अधिकारियों के शिविरों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर काम तेजी से कराया जा रहा है। एडीएम न्यायिक मनोज प्रकाश ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां तेज से की जा रही हैं। 22 नवंबर को उद्घाटन होगा।

1888 से शुरू हुआ था महोत्सव का सफर

इटावा महोत्सव का इतिहास 1888 से जुड़ा है। तत्कालीन जिलाधिकारी एचजी अलेक्जेंडर ने इसकी शुरुआत पक्का तालाब पर एक छोटे मेले के रूप में कराई थी, जो केवल एक सप्ताह चला था। नगर के रईसों और व्यापारियों ने इसमें सहयोग किया था। वर्ष 1892 में कुछ कारणों से प्रदर्शनी बंद हो गई। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट एचके रैक्सी ने 1910 में इसे पुनर्जीवित किया। इसी वर्ष पशु मेले की शुरुआत भी हुई।

वर्ष 1911 में प्रदर्शनी को पक्का तालाब से हटाकर वर्तमान स्थल पर लाया गया। सेठ विशन दास ने प्रथम विष्णु द्वार का निर्माण कराया, जबकि पं. बदन सिंह ने कलकत्ता से पाम के वृक्ष मंगवाकर लगवाए। वर्ष 1916 में ज्वाला प्रसाद तिवारी ने उत्तरी द्वार बनवाया। वर्ष 1922 में राय बहादुर भटेले और पं. श्याम बिहारी लाल बिरारी ने पश्चिमी द्वार तथा लखना की रानी साहिबा महालकुबा बाई ने दक्षिणी द्वार का निर्माण कराया।

यह भी पढ़ें- Kanpur Fire Breaks Out: दो की मौत के बाद जागे जिम्मेदार, राधिका अपार्टमेंट में चलेगा बुलडोजर, 5 पर केस 

यह भी पढ़ें- वैश्विक रैंकिंग में चमका CSJMU Kanpur, राज्य विश्वविद्यालयों में UP TOP

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।