विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटावा में बक्से के अंदर मिला गार्ड का सड़ा हुआ शव, दुर्गंध से खुला मामला, बेटी लापता

Published: Sun, 25 Oct 2026 04:09 PM (IST)

इटावा में एक बंद कमरे के बक्से में कई दिन पुराना सड़ा हुआ शव मिला है, जिसकी पहचान होटल गार्ड ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बक्से में मिला होटल गार्ड का सड़ा शव

  2. दुर्गंध से हुआ मामले का खुलासा, पुलिस जांच में जुटी

  3. मृतक की बेटी लापता, हत्या की आशंका

जागरण संवाददाता, इटावा। टीबी अस्पताल कालोनी के 14 ब्लॉक स्थित एक बंद कमरे में रविवार को बक्से के अंदर एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था और कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान 55 वर्षीय श्याम सुंदर कठेरिया के रूप में हुई है। वह चाणक्य होटल में गार्ड की नौकरी करते थे। पुलिस हत्या समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृतक के साथ रहने वाली उनकी बेटी का भी पता नहीं चल सका है।

टीबी अस्पताल कालोनी के 14 ब्लॉक में रहने वाली हसीना बेगम पत्नी मोहम्मद इरफान ने बताया कि पड़ोसी का कमरा करीब चार दिन से बंद था। शनिवार को कमरे से दुर्गंध आने लगी तो उन्हें लगा कि शायद कोई चूहा मर गया है। रविवार को दुर्गंध और तेज होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो कमरे के अंदर रखे बक्से में शव मिला।

पांच दिन पहले बेटी से हुई थी बात

मृतक की बड़ी बेटी काजल पत्नी अजय निवासी भीखनपुर, थाना औरैया ने बताया कि पिता श्याम सुंदर कठेरिया चाणक्य होटल में गार्ड की नौकरी करते थे। पांच दिन पहले सुबह उनकी पिता से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस दौरान पिता ने हालचाल पूछा था और घूमने आने के लिए कहा था। शुक्रवार को उसने कई बार फोन किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। रविवार को भी फोन बंद मिला। इसके बाद पिता के शव मिलने की जानकारी हुई।

काजल ने बताया कि उसकी मां शशि देवी दूसरी शादी करने के बाद करीब 10 साल से पिता से अलग रह रही हैं। तीन बहनों में काजल सबसे बड़ी है, जबकि दूसरी बहन पूजा है। तीसरी बहन खुशी मां के साथ रहती है।

पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगी मौत की वजह

एसपी सिटी बबीता सिंह ने बताया कि टीबी अस्पताल कालोनी के 14 ब्लॉक में बंद कमरे से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो बक्से में एक व्यक्ति का शव मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था। फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य संकलित कर जांच की जा रही है। मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। मृतक के साथ उसकी बेटी भी रहती थी, जिसका अभी पता नहीं चल सका है।