इटावा में डबल सुसाइड: भाभी ने की आत्महत्या, 12 घंटे बाद देवर ने भी दे दी जान
इटावा के हरौली बहादुरपुर गांव में भाभी तारा ने संतान न होने के दुख में आत्महत्या कर ली। इसके 12 ...और पढ़ें

ग्राम हरौली बहादुरपुर में देवर की मौत के बाद जांच करती पुलिस। जागरण
HighLights
महिला के कलह और देवर के मुकदमे के डर से आत्मघाती कदम उठाने की चर्चा
कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद के घुक्कापुरवा में है महिला का मायका
जागरण संवाददाता, इटावा। इटावा के गांव हरौली बहादुरपुर में रविवार रात भाभी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर लेने के 12 घंटे बाद देवर ने भी सोमवार दोपहर बबूल के पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। भाभी-देवर की मौत से घर में मातम पसर गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस घरेलू कलह में दोनों के आत्महत्या करने की बात कह रही है। चर्चाएं हैं कि विवाहिता की मौत को लेकर दहेज एक्ट में परिवार पर कार्रवाई के डर से देवर ने यह कदम उठाया है।
भरेह थाना क्षेत्र के हरौली बहादुरपुर निवासी पिंकू दोहरे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। पति पिंकू ने बताया रविवार रात करीब 10 बजे वह पत्नी तारा (28) के साथ खाना खाकर वह बाहर टहलने चला गया था। रात 11 बजे जब वह वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी जब कुंडी नहीं खुली तो खिड़की से झांककर देखा, जहां तारा का शव फंदे से लटका मिला।
तारा कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद के घुक्कापुरवा की रहने वाली थी। पिंकू का उससे छह साल पहले विवाह हुआ था। स्वजन ने बताया कि तारा पांच बहनों में चौथे नंबर की थी। शादी के बाद उसने दो बच्चों को जन्म दिया लेकिन दोनों की अस्पताल में ही मृत्यु हो गई थी, तब से वह काफी परेशान थी। पिता और मायके पक्ष के लोगों ने किसी पर भी कोई आरोप नहीं लगाया है। उनका कहना है कि संतान न होने के दुख में वह अक्सर गुमसुम रहती थी और संभवतः इसी ग्लानि में उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
तारा का शव मुख्यालय से पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंच पाता तब तक उसके देवर अंकित ने गांव के बाहर यमुना नदी के किनारे बबूल के पेड़ पर रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। थानाध्यक्ष जगदीश भाटी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल के बाद उसके शव काे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया गया है कि अंकित सात भाईयों में पांचवें नंबर का था।
थानाध्यक्ष जगदीश भाटी ने बताया कि विवाहिता ने रात में आत्महत्या की थी। मायके पक्ष के लोग भी आ गए थे लेकिन किसी तरह की कार्रवाई के लिए तहरीर नहीं दी गई थी। देवर ने सोमवार को दोपहर में आत्महत्या की है। अभी कारणों की जांच की जा रही है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कारण प्रतीत हो रहा है।
यह भी पढ़ें- कानपुर में बेटे के सामने पिटाई से टूटा पिता का स्वाभिमान, फंदा लगा दे दी जान
यह भी पढ़ें- अनवरगंज-मंधना प्रोजेक्ट: कानपुर रेलवे ट्रैक उखाड़कर बनेंगे गहरे पिलर, 6 मई से मिलेगा जमीन मुआवजा
यह भी पढ़ें- सावधान! कानपुर में ऑटो में टप्पेबाजी वाला गिरोह सक्रिय, 'सास-बहू-देवरानी' समेत 4 गिरफ्तार; 250 CCTV की मदद से दबोचा
