विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सावधान! कानपुर में ऑटो में टप्पेबाजी वाला गिरोह सक्रिय, 'सास-बहू-देवरानी' समेत 4 गिरफ्तार; 250 CCTV की मदद से दबोचा

Published: Mon, 04 May 2026 07:13 PM (IST)

कानपुर में ऑटो में टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें सास-बहू और देवरानी समेत चार आरोपी गिरफ्तार ...और पढ़ें

नौबस्ता में पकड़े गए टप्पेबाज गिरोह के आरोपित अनिकेत शर्मा, रेखा, नैना और रजनी। पुलिस

नौबस्ता में पकड़े गए टप्पेबाज गिरोह के आरोपित अनिकेत शर्मा, रेखा, नैना और रजनी। पुलिस 

HighLights

  1. कानपुर शहर में डेरा डाले टप्पेबाज गिरोह की सास-बहू समेत चार गिरफ्तार

  2. 30 अप्रैल को नौबस्ता थानाक्षेत्र में महिला को बेसुध कर उड़ाए थे 15 लाख के जेवरात

  3. आटो में सवारी बन करती थीं वारदात, 250 सीसी कैमरों की फुटेज से पुलिस ने पकड़ा

जागरण संवाददाता, कानपुर। टप्पेबाज गिरोह की सास-बहू और देवरानी समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। महाराष्ट्र का यह गिरोह शहर में अलग-अलग जगहों पर डेरा डालकर रहता है। इसके बाद आटो में सवारी बनकर चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देता था।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान मूलरूप से महाराष्ट्र के यावतमल के नेताजी नगर और वर्तमान में गोविंदनगर के पापुलर धर्मकांटा में रहने वाली नैना, रजनी और रेखा के रूप में हुई है। नैना रिश्ते में रेखा की बहू और रजनी देवरानी हैं। इनके अलावा पुलिस ने आटो चालक जूही लाल कालोनी निवासी अनिकेत को गिरफ्तार किया है। गिरोह की महिलाएं आटो चालक को प्रतिदिन दो हजार रुपये देती थीं।

इस रूट पर सक्रिय

डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि 30 अप्रैल को कानपुर देहात के शिवली के ओरिया गांव निवासी किसान धर्मनारायण की पत्नी रक्षा देवी अपने बेटे शशांक के साथ घाटमपुर निवासी ममेरे भाई की शादी में शामिल होने जा रही थीं। नौबस्ता चौराहे पर उतरने के बाद आवास विकास, हंसपुरम् स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के पास रहने वाले भाई राव गजेंद्र सिंह के घर जाने के लिए दूसरे आटो में बैठी, जिसमें पहले से तीन महिलाएं सवार थीं।

नशीला पदार्थ सुंघाया

रास्ते में महिलाओं ने उन्हें कुछ ऐसा नशीला पदार्थ सुंघाया, जिससे वह कुछ देर के लिए बेसुध हो गई। इसी दौरान बैग में कपड़ों के बीच छिपाकर रखा टिफिन पार कर दिया, जिसमें हार, कंगन, चेन, तीन अंगूठियां और झाले समेत करीब 15 लाख के जेवरात व 11 हजार रुपये नकद रखे थे। भाई के घर पहुंचने के कुछ देर बाद बेटे ने कपड़े खरीदने के लिए रुपये मांगे तो बैग खोलकर देखा। टिफिन गायब होने से उनके होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।

आटो चालक भी गिरफ्तार

करीब 250 कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस टीम आटो चालक अनिकेत तक पहुंची, जिसके बाद सास-बहू और देवरानी को भी गिरफ्तार किया गया। इनके पास एक अंगूठी व हाथ का एक कंगन को छोड़कर लगभग पूरे माल की बरामदगी की गई है। पकड़ी गईं महिलाएं पहले भी जेल जा चुकी हैं। इनके खिलाफ चार-चार मुकदमे दर्ज हैं। गैंग्सटर की कार्रवाई की जाएगी।