इटावा में पति-पत्नी झगड़े का खौफनाक अंजाम: पति ट्रक के आगे कूदा, पत्नी ने छत से लगाई छलांग
इटावा के ग्राम पिलखर में रमाकांत और उनकी पत्नी सीमा पाल के बीच झगड़ा हो गया। गुस्से में रमाकांत ने हाईवे पर ट्रक के आगे कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की जिससे वे घायल हो गए। दुर्घटना की खबर सुनकर पत्नी सीमा ने घर की छत से छलांग लगा दी जिससे उन्हें भी चोटें आईं। दोनों को गंभीर हालत में सैफई रेफर किया गया है।

जागरण संवाददाता, इटावा। पति-पत्नी के विवाद का खौफनाक अंजाम सामने आया है। जरा सी बात पर दोनों ने आत्महत्या के लिए कदम उठाया। पति ट्रक के आगे कूद गया। पत्नी को जब इसकी सूचना मिली है तो वह भी छत से कूद गई।
इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम पिलखर में शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। ग्राम पिलखर निवासी 45 वर्षीय रमाकांत का किसी बात को लेकर पत्नी सीमा पाल से झगड़ा हो गया। विवाद की वजह से गुस्से में रमाकांत घर से निकलकर सीधे आगरा-कानपुर हाईवे पर पहुंचे और वहां ट्रक के आगे कूद गए।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर पत्नी सीमा पाल आवेश में आकर अपने घर की छत से छलांग लगा दी। इस हादसे में सीमा पाल के भी सिर, हाथ और पैरों में चोटें आईं।
गांव वालों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। इकदिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस बुलाकर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया।
फिलहाल दोनों का इलाज सैफई में चल रहा है। गांव में इस घटना के बाद से दहशत और चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि घरेलू विवाद से उपजा यह कदम बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।