यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UPCOP: घर बैठे जान सकेंगे वाहनों के ई-चालान और पासपोर्ट आवेदन का स्टेटस, ये एप कर लें डाउनलोड
उत्तर प्रदेश कॉप मोबाइल ऐप से अब घर बैठे वाहनों के ई-चालान और पासपोर्ट आवेदन का स्टेटस जान सकते हैं। ...और पढ़ें

HighLights
- यूपी कॉप ऐप से ई-चालान, पासपोर्ट स्टेटस जानें |
- साइबर अपराध रिपोर्टिंग सुविधा उपलब्ध |
- मोबाइल चोरी होने पर सूचना दर्ज कराएं |
जागरण संवाददाता, सलेमपुर। यूपी काप मोबाइल एप से अब लोग घर बैठे ही अपने वाहनों के ई चालान तथा पासपोर्ट आवेदन का स्टेटस जान सकेंगे। पिछले सप्ताह यूपी काप ने पूर्व सुविधाओं के अलावा अन्य चार जनपयोगी सुविधाओं को जोड़ दिया है। इसको लेकर लोगों को पासपोर्ट कार्यालयों व थानों के भाग दौड़ से काफी राहत मिल रही है।
थानों से संबंधित सुविधाओं को घर बैठे मुहैया कराने के लिए 2019 में यूपी काप मोबाइल एप लांच किया था। इसके चलते आम लोगों को थाने पर जाने से राहत मिली और घर बैठे सुविधाओं मिलने लगी। समय समय पर बदलाव के बाद यूपी काप से 27 से अधिक सुविधाए मुहैया होने लगी।
जिसमें आन लाइन प्राथमिकी, एफआईआर, दर्ज करना, नौकरों का सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र, पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई गिरफ्तारियां, इनामी अपराधी, जिला बदर, गुंडाएक्ट सहित कई मामलों की जानकारी घर बैठे ही हो जाती थी।
एक सप्ताह पूर्व यूपी काप में फिर बदलाव कर चार नई सेवाओं का विस्तार किया गया है। लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों के दृष्टिगत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (1930) को जोड़ दिया गया है, जिससे साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल यूपी काप के माध्यम से भुक्तभोगी सूचना दर्ज करा सके।
इसके अलावा मोबाइल चोरी होने पर सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल की सेवा भी उपलब्ध है, जिस पर मोबाइल गुम होने पर तत्काल इस पोर्टल पर सूचना दर्ज कराकर सुरक्षित किया जा सके। वहीं वाहन के चालान का स्टेटस देख आनलाइन पैसा जमा भी किया जा सकता है।
पासपोर्ट आवेदन का स्टेट भी हम यूपी काप से जान सकते हैँ। इस सम्बंध में सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि यूपी काप आम लोगों के सुविधा के लिए लांच की गई है। इसका लाभ लोग उठाकर थानों के भागदौड़ से बच सकते हैं।
