विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंदाकिनी-सरयू की बदलेगी सूरत, बाढ़ रोकने को Chitrakoot में शुरू हुई वैज्ञानिक कवायद; सुझाया नया प्लान

Published: Wed, 18 Nov 2026 07:02 PM (IST)

चित्रकूट में मंदाकिनी और सरयू नदियों को प्रदूषण मुक्त कर बाढ़ रोकने के लिए वैज्ञानिक कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ। विशेषज्ञों ...और पढ़ें

चित्रकूट में मंदाकिनी में आई बाढ़। जागरण अर्काइव

चित्रकूट में मंदाकिनी में आई बाढ़। जागरण अर्काइव

HighLights

  1. नदियों के पुनरुद्धार को वैज्ञानिक रोडमैप बनाने का सुझाव

  2. कृत्रिम आर्द्रभूमियां विकसित कर नालों का होगा पुनर्जीवन

  3. भूजल पुनर्भरण, जल निकासी दुरुस्त कर बाढ़ रोकी जाएगी

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। मंदाकिनी और सरयू नदी को प्रदूषण मुक्त कर प्राकृतिक प्रवाह बहाल करने और बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान तलाशने की कवायद तेज हो गई है। दोनों नदियों के पुनरुद्धार के लिए विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक सर्वेक्षण के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने के सुझाव दिए हैं।

इसके तहत नदी किनारे कृत्रिम आर्द्रभूमियां विकसित करने, भूजल पुनर्भरण के लिए गड्ढे बनाने और जल निकासी के अवरुद्ध रास्तों को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया है। झूरी नाला समेत नदियों में मिलने वाले प्रमुख नालों के पुनर्जीवन का भी प्रस्ताव है।

दीनदयाल शोध संस्थान (डीआरआइ) की ओर से मंगलवार और बुधवार को आरोग्यधाम सभागार में आयोजित दो दिवसीय विचार-विमर्श बैठक एवं कार्यशाला में विशेषज्ञों ने इन मुद्दों पर मंथन किया। इसमें आईआईटी दिल्ली, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल, केंद्रीय भूजल बोर्ड और विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ शामिल हुए। उन्होंने मंदाकिनी, सरयू और आसपास के जलग्रहण क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया।


इस दौरान नदी में मिलने वाले नालों, प्रदूषण के स्रोतों, घाटों पर ठोस कचरे और प्लास्टिक की स्थिति का सर्वेक्षण किया गया। साथ ही आर्द्रभूमि, घासभूमि और जैव विविधता पार्क विकसित करने के संभावित स्थलों की पहचान की गई। विशेषज्ञों ने कहा कि नदियों में सीधे गिरने वाले गंदे पानी को रोकने के लिए प्रभावी सीवेज प्रबंधन जरूरी है।

कृत्रिम आर्द्रभूमि और प्रकृति आधारित तकनीकों से नालों के पानी का उपचार किया जा सकता है। इससे भूजल पुनर्भरण में भी मदद मिलेगी। विशेषज्ञों ने जल निकासी के प्राकृतिक रास्तों और जलग्रहण क्षेत्र की स्थिति का अध्ययन कर बाढ़ का जोखिम कम करने के उपाय सुझाए।

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि भविष्य में बाढ़ जैसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यापक और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। मध्य प्रदेश की ओर निर्माणाधीन बांधों और जल संरचनाओं की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा।

समापन सत्र में वर्चुअल रूप से जुड़े जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंदाकिनी को चित्रकूट की जीवनरेखा बताते हुए इसके पुनरुद्धार में सहयोग का भरोसा दिया। डीआरआइ के संगठन सचिव अभय महाजन ने कहा कि विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर कार्ययोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में काम किया जाएगा।

कार्यशाला में यह रहे मौजूद

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल के निदेशक डा. अजीत कुमार विद्यार्थी, विज्ञानी डा. अनूप चतुर्वेदी, दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंटर फार एनवायरनमेंट मैनेजमेंट आफ डिग्रेडेड इकोसिस्टम्स के विज्ञानी डा. फैयाज अहमद खुदसर, आईआईटी दिल्ली के पूर्व प्राध्यापक डा. कोस्तुभ नारायण व प्रो. एके गोसाईं, आईआईटी दिल्ली के डा. पूजा सिंह व प्रभाकर शुक्ला, केंद्रीय भूजल बोर्ड भोपाल के डा. राकेश सिंह, डीआरआइ के सह संगठन सचिव अनिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष वसंत पंडित और डीएफओ प्रत्युष कटिहार मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बेशर्म हो गए हो, ये हालत बनाकर रखी है आपने... चकरपुर मंडी में गंदगी देख मंडी सचिव पर भड़के मंडी निदेशक

यह भी पढ़ें- कानपुर में रातभर धधकती रही इंक फैक्ट्री, सुबह फिर भड़की आग; 20 फैक्ट्री और हॉस्टल खाली, केमिकल ड्रम फटने से दहशत



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।