विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चित्रकूट में प्रेमिका के घर ताबड़तोड़ फायरिंग; प्रेम में बाधा बनी चाची को मारी गोली, 150 मीटर दूर खेत में प्रेमी भी मिला घायल

Published: Sun, 11 Oct 2026 11:13 PM (GMT+05:30)

चित्रकूट के जोरवारा गांव में प्रेम प्रसंग के विरोध में एक युवक ने प्रेमिका की चाची की गोली मारकर हत्या ...और पढ़ें

यह प्रतीकात्मक तस्वीर है।

यह प्रतीकात्मक तस्वीर है।

HighLights

  1. प्रेम प्रसंग में युवक ने प्रेमिका की चाची को गोली मारी

  2. चाची की मौत, चाचा गंभीर रूप से घायल, प्रयागराज रेफर

  3. आरोपी युवक ने खुद को गोली मारी, खेत में घायल मिला

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। प्रेम प्रसंग में विरोध और पुलिस से शिकायत का मामला रविवार रात खौफनाक वारदात में बदल गया। नवरात्र के पहले दिन मऊ थाना क्षेत्र के जोरवारा गांव में प्रेमिका के घर में घुसे युवक ने तमंचा से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से प्रेमिका की चाची की मौत हो गई, जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए।

वारदात के बाद आरोपित मौके से भाग निकला, लेकिन कुछ देर बाद घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर खेत में वह भी घायल अवस्था में मिला। उसके चेहरे के बाएं हिस्से में गोली लगी थी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा बरामद कर उसे उपचार के लिए सीएचसी मऊ में भर्ती कराया है।


स्वजन ने बताया कि घटना से एक दिन पहले युवक और नाबालिग प्रेमिका को स्वजन ने साथ मिलते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद प्रेमिका के परिवार ने मऊ पुलिस से युवक की शिकायत की थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक तमंचा लेकर रविवार रात करीब नौ बजे प्रेमिका के घर पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी।

गोलियां लगने से प्रेमिका की चाची और चाचा लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्वजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले गए, जहां चिकित्सकों ने चाची को मृत घोषित कर दिया। चाचा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय, एसडीएम रामऋषि रमन, सीओ फहद अली और थाना प्रभारी राजेश प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपित घटनास्थल के पास खेत में घायल मिला। उसके चेहरे पर बाई ओर गोली लगी है, इसकी परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

यह भी पढ़ें- ग्राहकों के भरोसे का कत्ल! कानपुर में हालमार्क के नाम पर छल... तांबे-पीतल पर लेजर मशीन से लग रही थी सोने की मुहर

यह भी पढ़ें- कानपुर सोने की ज्वेलरी में खेल! 18 कैरेट की हाॅलमार्क लगी ज्वेलरी बेचने पहुंची महिला, जांच में निकला 10 प्रतिशत सोना