कानपुर सोने की ज्वेलरी में खेल! 18 कैरेट की हाॅलमार्क लगी ज्वेलरी बेचने पहुंची महिला, जांच में निकला 10 प्रतिशत सोना
कानपुर के एक शोरूम में 18 कैरेट की फर्जी हॉलमार्किंग वाली ज्वेलरी बेचने पहुंची महिला का भंडाफोड़ हुआ, जिसमें सिर्फ ...और पढ़ें

जब्त की गई हालमार्किंग मशीन। पुलिस
HighLights
फर्जी हॉलमार्क वाली 18 कैरेट ज्वेलरी पकड़ी गई
जांच में सिर्फ 10 प्रतिशत सोने की शुद्धता मिली
पुलिस ने चार आरोपी हिरासत में लिए, मशीन जब्त
जागरण संवाददाता, कानपुर। बिरहाना रोड के सोना चांदी ज्वैलर्स के शोरूम में शुक्रवार को हालमार्क लगी 18 कैरेट सोने की ज्वेलरी बेचने पहुंची महिला की ज्वेलरी की जांची तो उसमें महज 10 प्रतिशत सोने की शुद्धता मिली। ज्वैलरी में एक चेन और दो अंगूठियां शामिल थीं, जिनका कुल वजन 18.440 ग्राम था। शोरूम के मैनेजर ने मामले को लेकर फीलखाना थाने में तहरीर देकर धोखाधड़ी और षडयंत्र रचने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने आरोपित महिला समेत चार को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद उन्हें नोटिस देकर छोड़ा है। पुलिस ने ज्वैलरी पर फर्जी ढंग से हालमार्क लगाने वाली मशीन भी जब्त की है। पुलिस इस पूरे प्रकरण में हालमार्किंग करने वाले आरोपित और उनसे जुड़े लोगों के बारे में जांच पड़ताल कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि इस गिरोह में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।
बिरहाना रोड स्थित सोना-चांदी ज्वैलर्स के मैनेजर आशीष डालमिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चकेरी सफीपुर निवासी सुमन सिंह शोरूम पर ज्वैलरी बेचने के लिये पहुंची थी। ज्वैलरी पर 18 कैरेट की हालमार्किंग थी जबकि गोल्ड मैनेजर दीपक अग्रवाल ने मशीन से शुद्धता जांची तो वह केवल 10 प्रतिशत ही निकली।
शुद्धता को लेकर पूछताछ करने पर सुमन सिंह ने बताया कि ये जेवर उन्हें परिचित कैंट शांतिनगर निवासी अक्षय गुप्ता ने बेचने के लिए दिए थे। आशीष का आरोप है कि हालमार्क और ज्वैलरी की शुद्धता के बारे में गलत जानकारी देकर जेवर बेचने का प्रयास किया गया। इसके बाद घटना की जानकारी फीलखाना थाने को दी गई।
थाना प्रभारी रीना सिंह ने बताया कि अक्षय को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह चौक सराफा में काम करने वाले आयुष नाम के युवक से जेवरात खरीदता था। जिसके बाद पुलिस टीम ने आयुष को हिरासत में लेने के साथ ही चौक सराफा से हालमार्क लगाने वाली मशीन भी जब्त कर ली।
आयुष ने बताया कि तिलक पार्क के सामने दीपक वर्मा की दुकान में हालमार्किंग होती थी। वहां काम करने वाला राहुल मिलावटी साेने में फर्जी हालमार्क लगाने का काम करता है। इस पर पुलिस ने ज्वैलरी बेचने पहुंची महिला सुमन सिंह, अक्षय, आयुष और राहुल समेत चार आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उन्हें नोटिस दिया। इसके साथ ही पुलिस ने चौक में दीपक वर्मा की दुकान से उनकी हालमार्क मशीन भी जब्त कर ली।
सोना-चांदी शोरूम के मैनेजर आशीष डालमिया की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर चारों आरोपितों से पूछताछ कर उन्हें नोटिस दिया गया है। इस पूरे गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फर्जी हालमार्क लगाकर जेवर बेचने के मामले में और कौन लोग शामिल है,चौक में यह काम कब से चल रहा है समेत अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
- शिवा सिंह,एडीसीपी पूर्वी
