Chitrakoot Deepdan Mela: चित्रकूट में 500 ड्रोन दिखाएंगे रामायण की झलक, मंदाकिनी तट पर 30 मिनट का होगा भव्य शो
चित्रकूट में इस दीपावली पर 500 ड्रोन रामायण की भव्य झलक दिखाएंगे, साथ ही नौ मंचों पर बुंदेली संस्कृति का ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
500 ड्रोन से रामायण की भव्य प्रस्तुति
नौ मंचों पर बुंदेली लोक कलाकारों की प्रस्तुति
श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम और सुविधाएं
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। प्रभु श्रीराम की तपोभूमि में इस बार दीपावली का पर्व आस्था, आधुनिक तकनीक और बुंदेली संस्कृति के अनूठे संगम का साक्षी बनेगा। रामघाट पर लाखों दीपों के बीच होने वाले दीपदान के बाद श्रद्धालुओं को आसमान में रामायण की झलक देखने को मिलेगी।
मंदाकिनी नदी के तट पर आठ नवंबर को पहली बार 500 ड्रोन एक साथ उड़ान भरेंगे और करीब 30 मिनट तक रामचरितमानस व रामायण की भक्ति थीम पर भगवान श्रीराम के वनवास काल पर आधारित आकृतियां बनाएंगे। इसके साथ ही नौ भव्य मंचों पर बुंदेली लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से स्थानीय संस्कृति और परंपराओं की छटा बिखेरेंगे।
धार्मिक मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने अपने वनवास काल के साढ़े ग्यारह वर्ष चित्रकूट में बिताए थे। इसी आस्था के चलते हर वर्ष दीपावली पर यहां 40 लाख से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। रामघाट पर दीपदान और कामदगिरि की परिक्रमा के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगता है।
इस बार प्रशासन धार्मिक आयोजनों के साथ आधुनिक तकनीक और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को भी उत्सव का हिस्सा बना रहा है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि ड्रोन शो का संचालन देर शाम दीपदान के बीच किया जाएगा।
इसमें आसमान में उभरने वाली आकृतियों के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी झलकियां दिखाई जाएंगी। वैसे इसका रिहर्सल एक दिन पहले होगा। बुंदेलखंड की लोककला से परिचित कराने के लिए अलग-अलग स्थानों पर नौ मंच तैयार किए जा रहे हैं। स्थानीय लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी व्यापक इंतजाम
दीपावली पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए शहर में छह भव्य स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। वाहनों की पार्किंग के लिए 17 स्थान चिह्नित किए गए हैं, 100 अधिक अस्थाई शौचालय, रैन बसेरा बनाए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।