चित्रकूट दीपदान मेला: मंदाकिनी पर तैयार हुआ पांटून पुल, भीड़ नियंत्रण के लिए बगल में बनेगा एक और पुल
चित्रकूट में दीपावली अमावस्या मेले के लिए मंदाकिनी नदी पर एक प्लाटून पुल तैयार हो गया है, जबकि भीड़ प्रबंधन ...और पढ़ें
-1793426229465_m.webp)
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। दीपावली अमावस्या मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंदाकिनी नदी पर श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए कड़ियन घाट और भैरोंबाबा मंदिर के पास बनाया जा रहा प्लाटून पुल तैयार हो गया है। वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ का दबाव कम करने के लिए इसी पुल के बगल में एक और प्लाटून पुल बनाने की तैयारी की जा रही है।
इससे आने-जाने के लिए अलग-अलग पुलों का इस्तेमाल किया जा सकेगा। छह से 10 नवंबर तक आयोजित होने वाले पांच दिवसीय दीपावली अमावस्या मेले में दोनों प्रदेशों की सीमा पर स्थित धार्मिक स्थलों पर 40 लाख से अधिक संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
29 अगस्त की रिकार्ड बाढ़ में उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाला हनुमानधारा मार्ग का पुल बह गया था। इसके विकल्प के रूप में क्षतिग्रस्त पुल के समीप कड़ियन घाट और भैरोंबाबा मंदिर के पास प्लाटून पुल तैयार कराया गया है। पुल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाई गई है। साथ ही नदी में फ्लोटिंग मार्कर लगाए गए हैं, ताकि आवागमन के दौरान सुरक्षित मार्ग की पहचान हो सके।
दूसरी ओर उतारा पुल पर भी रेलिंग और फ्लोटिंग मार्कर लगाने का काम कराया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से मंदाकिनी नदी में एक और प्लाटून पुल तैयार करने की कार्यवाही की जा रही है। यह मौजूदा पुल के बगल में बनेगा, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
उतारा पुल घाट में भी श्रद्धालु कर सकेंगे स्नान
मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सतना कलेक्टर डा. सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने बुधवार को चित्रकूट क्षेत्र का निरीक्षण किया। भरत घाट, राघव प्रयाग घाट, पीपा पुल, उतारा पुल और हनुमानधारा क्षेत्र की व्यवस्थाएं देखीं। नगर परिषद चित्रकूट को घाटों और उतारा पुल की रेलिंग की रंगाई-पुताई कर उन्हें सुंदर बनाने के निर्देश दिए गए।
इसी पुल के बगल में नयाघाट बना है उसमें जमा बाढ़ के मलबा को जेसीबी से हटवाया जा रहा है। यहां पर इतना मलबा है पूरा हटाने में दीपावली गुजर जाएगी। इसलिए घाट के आगे जल प्रवाह बनाया जा रहा है ताकि लोग स्नान कर लें। भरत घाट आरती स्थल पर रेलिंग लगाने का काम भी जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।