बुलंदशहर में पुलिस पर हमला, दारोगा और हेड कांस्टेबल की वर्दी फाड़ी; पुलिस जीप पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश
Bulandshahr News: गुलावठी के ईसेपुर गांव में नोटिस तामील कराने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। दारोगा और ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
पुलिस नोटिस तामील कराने गई थी ईसेपुर गांव।
छह नामजद व 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा।
संवाद सहयोगी, गुलावठी (बुलंदशहर)। ईसेपुर गांव में नोटिस तामील कराने गई पुलिस के साथ ग्रामीणों ने हाथापाई कर दी। दारोगा व हेड कांस्टेबल की वर्दी भी फाड़ दी। आरोपितों को छुड़ाने के लिए पुलिस जीप पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की गई। पुलिस ने छह नामजद व 10-12 अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बराल पुलिस चौकी इंचार्ज दारोगा धर्मवीर सिंह ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में लिखाया है कि वह सोमवार रात पुलिस टीम के साथ एक मुकदमे के संबंध में घटनास्थल का निरीक्षण करने तथा आरोपित के मकान पर नोटिस तामील करने गए थे। जैसे ही उन्होंंने आरोपित सूबे को तलब किया तो आरोपित घर के बाहर आया। जैसे ही वह आरोपित सूबे को नोटिस तामील करा रहे थे, इसी दौरान सूबे का पुत्र राहुल व आकाश पुत्र कृष्णपाल मौके पर आ गए, जिन्होंने दारोगा के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने आरोपितों को समझाने का प्रयास किया लेकिन सूबे का पुत्र राहुल आक्रोशित हो गया और उनके साथ हाथापाई पर उतारू हो गया। जिसमें दारोगा की वर्दी के बांये सोल्डर पर झपट्टा मार उखाड़ दिया व पुलिस मोनोग्राम भी उखाड़ कर फेंक दिया। दारोगा को बचाने में पुलिस टीम ने आकाश को पकड़ने का प्रयास किया तो आकाश ने उनके हमराह हेड कांस्टेबल मनोज कुमार की वर्दी का दाहिना सोल्डर भी उखाड़ दिया।
जब पुलिस टीम आकाश को काबू कर पुलिस जीप में बैठाकर थाने ले जाने लगी तभी गांव से निकलते ही रास्ते में ट्रैक्टर व बाइक पर सवार होकर आकाश के स्वजन व अन्य ग्रामीण जिनमें महिलाएं भी शामिल थी, अचानक से पुलिस जीप के सामने आ गए। आरोपित आकाश के भाई विकास ने ट्रैक्टर को तेजी से चलाकर जान से मारने की नीयत से पुलिस जीप पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें- बुलंदशहर में चकरोड को लेकर हुए विवाद में किसान की हत्या, महिलाओं सहित एक दर्जन से अधिक घायल
चालक ने पुलिस जीप को खेत में उतार पुलिस टीम की जान बचाई। पुलिस हिरासत में लिए गए आकाश को आरोपितों ने मिलकर जबरन छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शर्मा भी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस फोर्स को देख आरोपित ट्रैक्टर व बाइक मौके पर छोड़ भाग गए।
पुलिस फोर्स ने मौके पर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए आरोपित विकास पुत्र कृष्णपाल निवासी गांव ईसेपुर को गिरफ्तार करते हुए वाहनों को अपने कब्जे में लिया है। कोतवाल धर्मेेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि छह लोग नामजद व 10-12 अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।