विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

110 KM लंबी काली नदी के 3 बड़े नालों का गंदा पानी खास तकनीक से ट्रीट करने की तैयारी; नोटिस के बाद जागी बुलंदशहर पालिका

By Jagmohan Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 10 Nov 2026 07:00 AM (IST)

Bulandshahr News: प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नोटिस के बाद बुलंदशहर नगर पालिका ने काली नदी में गिरने वाले तीन नालों ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो

AI जेनरेटिड फोटो

HighLights

  1. दो सप्ताह पहले प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भेजा था नोटिस।

  2. पालिका ने शुरू की तैयारी, काली नदी में पहुंच रहे तीन नाले।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का नोटिस मिलने के बाद नगर पालिका नाले के पानी को ट्रीट करने पर विचार कर रही है। काली नदी में गिरने वाले तीनों नालों पर जैव-फाइटोरेमेडिएशन से पानी को स्वच्छ किया जाएगा। इसके बाद काली नदी में नाले का पानी डाला जाएगा। जैव-फाइटोरेमेडिएशन के लिए एक नाले पर लगभग 50 हजार रुपये नगर पालिका खर्च करेगी।

शहर में वार्ड 28 स्थित महिला थाने के पास वाला नाला, बंध के सहारे वाला नाला और आदिल नगर के पास वाले नाले का पानी बिना ट्रीट किए ही काली नदी में डाला जा रहा है। तीनों नालों के गंदे पानी के साथ नदी में पाॅलीथिन और साॅलिड कचरा भी जा रहा है। इससे काली नदी में प्रदूषण इतना बढ़ गया है कि पास से निकलने बुरी दुर्गंध आती है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक हापुड़ से शुरू होकर अलीगढ़ तक जाने वाली लगभग 110 किलोमीटर लंबी काली नदी में सबसे ज्यादा प्रदूषण बुलंदशहर नगरपालिका के तीन नालों से हो रहा है। समय-समय पर नालों का पानी को साफ करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा नोटिस दिए गए, लेकिन अब दो सप्ताह पहले प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नालों को टैपिंग (बंद) करने के लिए नोटिस भेजा।

इसके साथ ही बोर्ड की टीम भी नगरपालिका पहुंची और नाले बंद करने के लिए बात की। इससे पालिका के सामने परेशानी खड़ी हो गई, क्योंकि अचानक से नाले का पानी बंद नहीं किया जा सकता और बहुत जल्दी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लग नहीं सकता।

पालिका ईओ डा. अश्विनी कुमार सिंह का कहना है कि कम खर्च में नाले का पानी ट्रीट करने के लिए जैव-फाइटोरेमेडिएशन पर विचार किया किया है। जैव-फाइटोरेमेडिएशन से बहुत कम खर्च में नाले का पानी ट्रीट होगा।

नाले के गंदे पानी को साफ करने का प्राकृतिक तरीका

जलकल विभाग के जेई रजत त्रिपाठी का कहना है कि जैव-फाइटोरेमेडिएशन नाले के गंदे पानी को प्राकृतिक तरीके से साफ करने की एक पर्यावरण-अनुकूल तकनीक है। इसमें कैना लिली (कन्ना) जैसे पौधों का उपयोग किया जाता है। इस तकनीक में कैना लिली के पौधों को बजरी, रेत एवं अन्य प्राकृतिक फिल्टर सामग्री से तैयार विशेष क्यारियों में लगाया जाता है।

जब नाले का गंदा पानी इन क्यारियों से होकर गुजरता है, तो पौधों की जड़ों के आसपास मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव पानी में उपस्थित जैविक प्रदूषकों को तोड़ने में सहायता करते हैं। साथ ही पौधे पानी में मौजूद नाइट्रोजन एवं फास्फोरस जैसे पोषक तत्वों को अवशोषित करते हैं। इस प्रक्रिया से पानी में मौजूद गंदगी, दुर्गंध, निलंबित ठोस पदार्थों एवं जैविक प्रदूषण को कम करने में सहायता मिलती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।