बुलंदशहर में गंगा कटान से बन गया 'मौत का कुआं', बाइक समेत नदी में गिरे तीन युवक
Bulandshahr News: बुलंदशहर में गंगा कटान से क्षतिग्रस्त मढ़ैया फतेहपुर मार्ग पर तीन श्रद्धालु बाइक समेत गंगा में गिर गए। अंधेरे और नीलगाय के कारण यह हादसा हुआ।

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
बुलंदशहर के मढ़ैया फतेहपुर मार्ग पर गंगा कटान से हुआ हादसा।
अचानक नीलगाय सामने आने से बाइक अनियंत्रित हो गई।
संवाद सूत्र, अहार (बुलंदशहर)। गंगा के कटान से तबाह हुआ रहे मढ़ैया फतेहपुर गंगा मार्ग पर बड़ा हादसा होते-होते बच गया। गंगा स्नान के लिए जा रहे तीन श्रद्धालुओं के सामने अचानक नीलगाय आ गई। इस दौरान वे अंधेरे में सड़क का कटा हुआ हिस्सा नहीं देख पाए और बाइक समेत नदी में जा गिरे।
गनीमत रही कि तीनों युवक तैरना जानते थे और किसी तरह अपनी जान बचाकर सुरक्षित गंगा से बाहर निकले, जबकि उनकी बाइक गहरे पानी में डूब गई। रविवार को स्थानीय गोताखोरों ने काफी देर तक बाइक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
क्षेत्र के गांव महुआखेड़ा निवासी रवि कुमार शनिवार रात अपने दो साथियों के साथ बाइक से सिद्ध बाबा गंगा घाट पर स्नान करने जा रहा था। रास्ते में तीनों अनजाने में मढैया फतेहपुर मार्ग पर पहुंच गए। रात में अंधेरा होने के कारण उन्हें मार्ग का कटा हुआ हिस्सा दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान अचानक सामने नीलगाय आ गई। उससे बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और तीनों युवक बाइक समेत सीधे गंगा में जा गिरे।
गंगा में गिरने के बाद तीनों ने किसी तरह तैरकर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन बाइक गहरे पानी में समा गई। गंगा के लगातार कटान के चलते मढ़ैया फतेहपुर के सामने गंगा किनारे जाने वाली काली सड़क का करीब 150 मीटर हिस्सा गंगा कटान में समा चुका है। सड़क का बचा हुआ हिस्सा भी सीधे गंगा की धारा पर खत्म हो रहा है।
यहां मैदान और गंगा की धारा के बीच करीब 10 फीट की ऊंचाई है। इस छोर पर गंगा काफी गहरी है। इसके बावजूद सड़क के अंतिम छोर पर किसी तरह का सुरक्षा अवरोध या चेतावनी संकेत नहीं होने से हादसे का खतरा बना हुआ है। रविवार को स्थानीय गोताखोरों ने डूबी बाइक की तलाश की, लेकिन गहराई और पानी के तेज बहाव के कारण उसका पता नहीं चल सका।
थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं के अनुसार अचानक नीलगाय सामने आने से बाइक अनियंत्रित होकर गंगा में गिर गई थी। तीनों युवक सुरक्षित बाहर निकल आए हैं। बाइक की तलाश की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।