Bulandshahr News: पति से नाराज महिला ने घर की तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, हालत गंभीर
बुलंदशहर के किदवई नगर में एक महिला ने पति से नाराज़ होकर तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शादी के सात साल बाद भी संतान न होने पर पति द्वारा दूसरी शादी करने से दंपत्ति के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस और स्थानीय लोगों के समझाने के बावजूद महिला ने छलांग लगा दी।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। शहर के मुहल्ला किदवई नगर में उस समय अफरातफरी मच गई। जब पति से नाराज होकर एक महिला ने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला को स्वजन ने कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल काॅलेज से संबद्ध जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। महिला के कूदने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नगर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला किदवईनगर निवासी इमरान अंसारी की सात साल पहले रिहाना के साथ साथी हुई थी। शादी के सात साल बाद भी रिहाना के कोई संतान नहीं हुई तो इमरान अंसारी ने कुछ माह पहले दूसरी शादी कर दी।
पति के दूसरी शादी के बाद से ही इमरान और रिहाना के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ता गया। बुधवार की शाम विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर रिहाना घर की तीसरी मंजिल पर पहुंची और छलांग लगाने के लिए दीवार पर खड़ी हो गई।
इस दौरान शोर सुनकर मुहल्ले के अनेक महिला पुरुष एकत्र हो गए और रिहाना को समझाने लगे। पुलिस भी मौके पर पहुंची और महिला को समझाने का प्रयास किया। बावजूद इसके रिहाना ने छलांग लगा दी। कूदने के बाद लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वह नीचे सीसी रोड पर आकर गिरी। महिला गिरकर घायल हो गई।
गंभीर रूप से घायल रिहाना को तुरंत स्वजन जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। इमरजेंसी में उपचार के बाद महिला को वार्ड में भर्ती कर दिया गया। महिला अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। महिला के कूदने और लोगों के समझाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
यह भी पढ़ें- इतनी सी बात पर बड़े ने छोटे भाई का कान चबाकर जमीन पर थूक दिया
जिला अस्पताल के सीएमएस डा. प्रदीप राणा ने बताया कि महिला अब खतरे से बाहर है। उसको भर्ती करके इलाज दिया जा रहा है।
एसपी सिटी शंकर प्रसाद का कहना है कि पति-पत्नी का आपसी विवाद है। महिला की हालत ठीक है और उसका उपचार चल रहाहै। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोर्ट में चल रहा विवाद
मुहल्ले के लोगों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद अधिक चल रहा है। रिहाना बुधवार को दिन में अदालत से तारीख से लौटी थी और शाम को तीसरी मंजिल से कूदने की घटना हो गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।