बुलंदशहर में अज्ञात वाहन की बाइक में टक्कर से युवक की मौत, साथी की हालत गंभीर
बुलंदशहर में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक साहिल की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त रितिक गंभीर रूप से घायल हो गया। साहिल और रितिक निजामपुर चौराहा होते हुए लुहारली टोल की ओर जा रहे थे तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी। जबकि मृतक का साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के स्वजन की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गयी है।
कस्बा क्षेत्र के मुहल्ला झारखंडी निवासी महेंद्र का 21 वर्षीय पुत्र साहिल मजदूरी करता था। साहिल के दादा वेदराज ने बताया कि शनिवार की रात करीब आठ बजे उनका पोता साहिल मुहल्ला निवासी रितिक पुत्र राकेश के साथ बाइक से वाया निजामपुर चौराहा होते हुए लुहारली टोल की ओर जा रहा था।
इस दौरान रेलवे रोड स्थित सिकंदराबाद देहात क्षेत्र की सांसियागढ़ी के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने उपचार के लिये निकट के अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने साहिल की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर ग्रेटर नोएडा के काशीराम अस्पताल के लिये रेफर कर दिया। देर रात करीब डेढ बजे साहिल की उपचार के दौरान मौत हो गयी। जबकि रितिक की हालत भी गंभीर बनी हुई है। चौकी प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।