जेल से बाहर आते ही विवाहिता प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी, बोली- मैं ससुराल नहीं जाऊंगी..., हाईवोल्टेज ड्रामा
Bijnor News बिजनौर में जेल से रिहा होने के बाद एक विवाहिता अपने प्रेमी संग जाने की जिद पर अड़ गई जिससे हंगामा मच गया। महिला और उसके प्रेमी को शांति भंग के आरोप में जेल भेजा था। मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से महिला अंततः अपनी मां के साथ चली गई जबकि प्रेमी अपने परिवार के साथ लौट गया।

जागरण संवाददाता, बिजनौर। जिला कारागार के बाहर शुक्रवार रात जेल से छूटने के बाद विवाहिता प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई। प्रेमी भी साथ में जमानत पर जेल से रिहा हुआ था। विवाहिता का मायका व ससुराल पक्ष उसे अपने साथ ले जाने पर अड़े थे। काफी देर हंगामे के बाद जेल स्टाफ के हस्तक्षेप के बाद महिला मायके पक्ष के साथ चली गई। प्रेमी भी स्वजन के साथ लौट गया।
आठ साल पहले हुई थी शादी
शिवालाकलां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी आठ साल पहले जिला मुरादाबाद के एक गांव के रहने वाले युवक से से हुई थी। दोनों की सात साल की बेटी है। महिला का छजलैट थाना क्षेत्र के रहने वाले अश्वनी से प्रेम प्रसंग हो गया। कुछ दिन पहले महिला अपने मायके में आई हुई थी। दो दिन पहले उसके मायके वाले बाहर गए हुए थे। महिला अकेली थी। इसी बीच प्रेमी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके मायके में पहुंच गया। स्वजन और मुहल्ले के लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ।
पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई
सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई। महिला अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई थी। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया था। एसडीएम कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया था। शुक्रवार को दोनों को जमानत मिल गई थी। शुक्रवार रात दोनों की जेल से रिहाई होनी थी।
जेल के गेट पर पहुंचे मायके व ससुराल वाले और प्रेमी के स्वजन
इसी बीच मायके व ससुराल पक्ष जेल के गेट पर पहुंच गया। दूसरी ओर प्रेमी के स्वजन वहां पहुंच गए।
जैसे ही महिला व उसका प्रेमी जेल के गेट से बाहर निकले। उसी समय महिला प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। महिला की मां उसे अपने साथ ले जाना चाहती थी। हंगामे के दौरान पुलिस भी वहां पहुंच गई। महिला को वापस जेल में ले जाया गया।
यह भी पढ़ें- UP News: 'आज तेरी पत्नी से कोर्ट मैरिज करने जा रहा हूं,' प्रेमी ने किया पति को फोन, प्रेम दीवानी का थाने में हंगामा
जेल अधिकारियों के समझाने के बाद महिला अपने मां के साथ चली गई। प्रेमी भी स्वजन के साथ लौट गया। शहर कोतवाल धमेंद्र सोलंकी ने बताया कि विवाद की सूचना थी। बाद में महिला अपनी मर्जी से मायके वालों के साथ चली गई। किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।