यूपी के इस जिले में होली पर नहीं होगी पानी की कमी, नगर निगम ने की खास व्यवस्था; बनाया ये शेड्यूल
Holi 2025 | पूरा देश होली के रंग में रंगा हुआ है। हर ओर रंगोत्सव की धूम है। बरेली में होली के दौरान पानी की कमी नहीं होगी। नगर निगम ने प्रत्येक वॉर्ड ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बरेली। रंगोत्सव पर शहर में पानी की कमी नहीं होगी। नगर निगम प्रत्येक वॉर्ड में निर्बाध जलापूर्ति करेगा। इसको लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। साथ ही रामबरात के निर्धारित रूट पर पड़ने वाले जलाशयों को भरकर रखने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जगह-जगह अतिरिक्त टैंकर भी लगाए जाएंगे। कहीं कोई वॉर्ड में पानी की कमी नहीं हो, इसके लिए जुबली पार्क में कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी। जहां पर सहायक अभियंता ईश्वर सिंह की अगुवाई में पांच अभियंता निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित कराएंगे। साथ ही कहीं जलाशय एवं पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने या अन्य आपातकालीन परिस्थिति में मेंटीनेंस टीम का भी गठन किया गया है।
होली पर नहीं होगी पानी की कमी
पूरा देश होली के रंग में रंगा हुआ है। हर ओर रंगोत्सव की धूम है। नगर निगम की ओर से भी शहर में निर्बाध जलापूर्ति की योजना बनाई गई है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि होली पर निरंतर जलापूर्ति को लेकर जल कल विभाग की ओर से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
होली से पूर्व गुरुवार को शहर के अलग-अलग रूट पर निकलने वाली राम बरात में भी भरपूर पानी की उपलब्धता हो इसके लिए जलाशयों को हर समय भरकर रखने और अतिरिक्त टैंकर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जल कल विभाग की ओर से विस्तृत कार्ययोजना भी बना ली गई है। साथ ही स्काडा सिस्टम से जुड़े 94 में 23 नलकूपों से बिजली की उपलब्धता के आधार पर निरंतर जलापूर्ति की जाएगी।

राम बरात से जुड़े इन मार्गों पर जलापूर्ति की बनी योजना
जल-कल विभाग के एक्सईएन सिद्धार्थ कुमार के अनुसार होली पर्व पर निकलने वाली राम बरात के रास्तों में जलापूर्ति बनाए रखने के लिए जीआइसी नलकूप से सुबह साढ़े छह बजे से दोपहर 12 बजे तक, जुबली पार्क नलकूप से सुबह छह बजे से नौ बजे तक, दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक, सीआइ पार्क नलकूप से दोपहर ढाई बजे से शाम चार बजे तक जलापूर्ति राम बरात की स्थिति के अनुसार जारी रहेगी। ताकि बमनपुरी से कालीबाड़ी व मठ की चौकी क्षेत्र में राम बरात के समय पानी मिल सके।
इसके लिए जुबली पार्क टंकी पर अवर अभियंता के निगरानी में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। जहां गुरुवार और शुक्रवार को सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक तीन अलग-अलग कर्मचारी तैनात रहेंगे। कंट्रोल रुम में आमजन मो. 8923882959 व 9548595803 पर संपर्क कर समस्याएं साझा कर सकेंगे।
टंकी नहीं होगी खाली, जारी रहेगी आपूर्ति
एक्सईएन जल-कल के अनुसार गुरुवार की रात सभी अवर जलाशय भर लिए जाएंगे। गुरुवार सुबह से सप्लाई चालू कर दी जाएगी, साथ ही उतना ही वॉल्व खोला जाएगा, जिससे की टंकी भरी रहे और जलापूर्ति चलती रहे। दोपहर 12 बजे से पूरे प्रेशर से एक साथ सभी टंकियों से सप्लाई खोली जाएगी, जो लगातार तीन बजे तक जारी रहेगी।
इसके अतिरिक्त विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर जुबली पार्क, बांके बिहारी नलकू पर जनरेटर रखा जाएगा। साथ ही जीआइसी में जनरेटर व्यवस्था, जुबली पार्क में टैंकर व्यवस्था व पाइप लाइन कर्मचारियों की ड्यूटी व्यवस्था व नलकूप मेंटीनेंस के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं।
जुबली पार्क कंट्रोल रूम में पांच अभियंताओं की लगी ड्यूटी
होली पर निकलने वाली राम बरात व दुल्हड़ी पर्व को लेकर शहर में पेयजल व्यवस्था व टैंकर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच अभियंताओं की ड्यूटी लगाई गई है। जो पूरे शहर में जलापूर्ति को सुनश्चित कराएंगे। इसके लिए जुबली पार्क में कंट्रोल रूम बनाया गया है।
जहां आमजन किसी भी समय कॉल कर जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं की शिकायत कर सकेंगे। कंट्रोल रूम में सहायक अभियंता ईश्वर सिंह मो.7055519610, अवर अभियंता अजीत सिंह मो. 70555519611, अवर अभियंता सुमित कुमार व प्रभात कुमार के मो. 7055519620, 625, 639 पर कॉल कर सकेंगे।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि शहर में होली व राम बरात पर निर्बाध जलापूर्ति के लिए जल कल की ओर विशेष तैयारी की गई है। राम बरात के रूट पर पड़ने वाले सभी जलाशय भरे रखने के साथ अतिरिक्त टैंकर भी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कहीं कोई दिक्कत नहीं हो इसके लिए कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।