Updated: Sun, 21 Sep 2025 06:34 PM (IST)
बरेली में दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले अपराधियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए गूगल मैप का इस्तेमाल किया। पुलिस ने 2500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एसटीएफ ने मुठभेड़ में मुख्य आरोपियों को मार गिराया जबकि अन्य को गिरफ्तार किया गया। बरेली पुलिस ने मुंबई पुलिस को घटना की जानकारी दी है और नाबालिग आरोपियों की रिमांड के लिए अर्जी लगाई है।
जागरण संवाददाता, बरेली । दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वालों ने पुलिस को ऐसा घुमाया कि पुलिस को लगा कि इसमें किसी लोकल बदमाश ने मदद की होगी। जांच में जब यह स्पष्ट हो गया कि इस हमले में किसी भी स्थानीय बदमाश का हाथ नहीं था तो पुलिस ने गूगल मैप की तरफ ध्यान बढ़ाया।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
आशंका है कि बदमाश अंदाजे से किसी भी गांव में घुसे और वहां से उन्होंने गूगल मैप का सहारा लिया। इससे उन्हें आगे का रास्ता मिला, जहां-जहां गूगल मैप ले जाता रहा, उन्हीं रास्तों से यह लोग भाग निकले। यही कारण रहा कि आरोपित हाईवे या टोल के किसी सीसीटीवी कैमरे में ज्यादा कैद नहीं हो सके।
11 सितंबर को पहली और 12 सितंबर को दूसरी बार दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग के बाद पुलिस ने जब आरोपितों की तलाश की तो 2,500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। एक सीसीटीवी फुटेज में बदमाश सामने आते तो दूसरे में अचानक से लापता हो जाते थे। पुलिस उन्हें केवल मुरादाबाद के जीरो प्वाइंट तक ही सर्च कर पाई थी। इसके आगे की कोई सीसीटीवी फुटेज पुलिस को नहीं मिली थी।
एसटीएफ ने एनकाउंटर में मार गिराया
इससे यह तो स्पष्ट हुआ कि जिन रास्तों को आस-पास के लोग भी नहीं पहचानते हो, वहां से बदमाश बिना गूगल मैप की मदद से नहीं भाग सकते। हालांकि, 19 सितंबर को घटना के मुख्य दोनों आरोपित रविंद्र और अरुण को यूपी एसटीएफ ने एनकाउंटर में मार गिराया। पहले दिन फायरिंग करने वाले दोनों बदमाशों नकुल और विजय को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
बाकी अन्य दो आरोपित, रामनिवास जिसे डमी रविंद्र बनाकर लाया गया था और दिशा पाटनी के घर की रेकी कराई थी व उसका साथी अनिल को बरेली पुलिस ने शाही में नेपाल भागते हुए मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। उन दोनों को यहां पर ही जेल भेजा गया है। उधर, दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा में अभी भी सशस्त्र गार्ड, गनर और पिकेट तैनात है। मुंबई पुलिस को दिया घटना का विवरण घटना का पटाक्षेप होने के बाद बरेली पुलिस ने मुंबई पुलिस को पत्र लिखकर पूरी घटना की जानकारी दी है। इसके साथ ही इस घटनाक्रम में हुई कार्रवाई की जानकारी भी दी है।
इससे अगर मुंबई में दिशा अपनी सुरक्षा की मांग करें, तो उन्हें वहां पर आसानी से सुरक्षा मिल सके। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मुंबई पुलिस से बातचीत में उन्होंने बताया कि दिशा के घर पर सतर्कता दृष्टि रखे हैं। किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं होगी।
आज किशोर न्याय बोर्ड में रिमांड की अर्जी लगाएंगे विवेचक दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जिन दोनों बदमाशों को नाबालिग बताकर बाल सुधार गृह भेजा था। उन्हीं की रिमांड के लिए दिशा पाटनी के केस के विवेचक सोमवार को किशोर न्याय बोर्ड दिल्ली में रिमांड के लिए अर्जी लगाएंगे। अगर वहां से न्याय बोर्ड अर्जी देता है तो दोनों को बरेली लाकर यहां उनसे पूछताछ की जाएगी।
मुंबई पुलिस को पत्र भेजकर पूरे घटनाक्रम के साथ ही यहां पर होने वाली कार्रवाई से भी अवगत कराया है। वहां पर सुरक्षा के लिए दिशा पाटनी को आवेदन करना होगा। - अनुराग आर्य, एसएसपी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।