'सपा कर रही तुष्टिकरण, हम दे रहे संतुष्टिकरण', बरेली में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में 2264 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने पिछली सरकारों पर तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार बिना भेदभाव के विकास कर रही है। उन्होंने नाथ कॉरिडोर के विकास और युवा उद्यमिता योजना का भी उल्लेख किया। रक्षाबंधन पर बहनों के लिए मुफ्त यात्रा की घोषणा की और विकास कार्यों की समीक्षा की।

जागरण संवाददाता, बरेली। ‘भारत माता की जय, पार्वती पतये, हर-हर महादेव। बरेली कॉलेज के मैदान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी खास शैली में जनसभा की शुरुआत की। सावन मास के पावन अवसर पर देवाधिदेव महादेव को नमन करते हुए 2264 करोड़ रुपये की 545 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करके बरेली को उपहार दिया।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। कहा, पिछली सरकारें तुष्टिकरण की राजनीति करती थीं। सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को संरक्षण देने का काम करतीं थी, लेकिन भाजपा की डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव के सबके विकास के लिए काम कर रही है। हम तुष्टिकरण नहीं, जनता का संतुष्टिकरण कर रहे हैं। हम विकास के जरिये जनता जनार्दन की संतुष्टि का माध्यम बन गए हैं। विरासत को विकास के कार्यों के साथ जोड़कर काम किया जा रहा है। लोगों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र को दोहराया।
कहा, भाजपा ने योजनाओं का लाभ जाति, मजहब, क्षेत्र देखकर नहीं दिया बल्कि निष्पक्ष तरीके से सभी तक पहुंचाया है। 2017 से पहले सभी स्थान उपेक्षित प़ड़े थे। अब न्यू बरेली के रूप में विकास हो रहा है। बीडीए, नगर निगम, पर्यटन की विभिन्न परियोजनाओं का परिणाम देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने नाथ कारिडोर का जिक्र करते हुए बताया कि 62 करोड़ रुपये की लागत से बाबा अलखनाथ, त्रिवटीनाथ, वनखंडीनाथ, तपेश्वनाथ, पशुपतिनाथ जैसे मंदिरों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही भगवान पार्श्वनाथ तीर्थ और जैन मंदिरों के लिए भी विशेष योजनाएं स्वीकृत की गई हैं.
62 करोड़ की लागत से बाबा अलखनाथ, त्रिवटीनाथ, बनखंडीनाथ, तापेश्वरनाथ, पशुपतिनाथ जैसे मंदिरों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही भगवान पार्श्वनाथ तीर्थ और जैन मंदिरों के लिए भी विशेष योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। मुख्यमंत्री ने रोजगार, उद्यम और मेडिकल के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए जाने की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमिता योजना से प्रदेश में 17 हजार से अधिक युवाओं को बिना गारंटी व ब्याज मुक्त ऋण देकर स्वरोजगार का लाभ दिया गया। बरेली में मेडिकल कालेज, बाइपास, फ्लाईओवर, एनएच 24 चौड़ीकरण, नवनिर्मित यूनानी मेडिकल कालेज और जल निगम की कई परियोजनाएं भी मुख्यमंत्री ने गिनाई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न होने पर बधाई दी। कहा, सावन में साजिशें रची गईं, लेकिन समाज की जागरूकता और पुलिस की तत्परता से कोई खुराफात नहीं कर सका। बोले, अब प्रदेश में दंगा नहीं होता, अब आध्यात्मिक पर्यटन का केंद्र बनता जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि रक्षाबंधन पर आठ, नौ और 10 अगस्त को बहनें बसों में एक सहयात्री के साथ निश्शुल्क यात्रा कर सकेंगी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मंच पर लाभांवित किया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने सभी को रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं।
इससे पूर्व सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मंडल के विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों के विकास के प्रस्तावों में तेजी लाने को कहा। इसके साथ ही सेटेलाइट फ्लाईओवर को वाई शेप करने और पीलीभीत बाइपास को फोरलेन बनाने के निर्देश दिए। सर्किट हाउस में करीब एक घंटा चली बैठक में मुख्यमंत्री ने इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर खासा फोकस किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।