Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सात फेरों से पहले दूल्‍हे के बहनोई ने कर दी ऐसी हरकत, दुल्‍हन ने शादी से क‍िया इनकार; बैरंग लौटी बारात

    Updated: Thu, 10 Jul 2025 02:32 PM (IST)

    बरेली में एक शादी में डीजे पर नाचती युवतियों पर रुपये लुटाने को लेकर विवाद हो गया। दूल्हे के बहनोई और अन्य बारातियों ने दुल्हन की मां समेत पांच लोगों को पीटा जिसके बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दूल्हा बिना दुल्हन के वापस लौट गया। दुल्हन पक्ष ने किसी भी हाल में शादी न करने का फैसला किया।

    Hero Image
    सात फेरों से पहले दुल्‍हन ने शादी से क‍िया इनकार।- सांकेत‍िक तस्‍वीर

    जागरण संवाददाता, बरेली। डीजे पर नाचती दुल्हन की रिश्तेदार युवतियों पर रुपये क्यों लुटाए? इस आपत्ति पर छिड़ी बहस ने बरात में बवाल करा दिया। दूल्हा के बहनोई व अन्य बरातियां ने दुल्हन की मां समेत पांच लोगों को डंडों से पीटा। उन्हें घायल देखकर दुल्हन ने भी कह दिया कि ऐसे बवालियों से शादी नहीं करेगी। आनन-फानन फेरे रोककर पुलिस बुला ली गई। दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया, लेक‍िन वहां भी समझौते के बजाय आरोप-प्रत्यारोप होते रहे। बुधवार दोपहर को दुल्हन पक्ष ने कह दिया कि किसी भी हाल में शादी नहीं हो सकती। इसके बाद दूल्हा और बरातियों को बिना दुल्हन लौटना पड़ा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मंगलवार रात युवती की शादी थी। पुलिस के अनुसार, वरमाला तक सबकुछ ठीक चल रहा था। दुल्हन पक्ष की कुछ लड़कियां डीजे पर नाचने पहुंची तो बरात में आए लड़के उन पर नोट लुटाने लगे। यह देखकर एक युवती ने आपत्ति जताई कि दूर रहें, नोट न फेंके। इस पर कुछ बराती दुल्हन पक्ष पर अभद्रता का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। उस समय कुछ रिश्तेदारों ने बीच बचाव कर दिया था।

    बुधवार सुबह चार बजे फेरों की तैयारी हो रही थी। उसी समय दूल्हे का बहनोई ज्ञानप्रकाश कुछ अन्य युवकों के साथ लाठी-डंडे लेकर पहुंचा। आरोप है कि उन सभी ने दुल्हन पक्ष के लोगों को पीटना शुरू कर दिया। इसमें दुल्हन की मां व चार रिश्तेदार घायल हो गए। उनके सिर से खून बहता देखकर शादी की रस्में रोक दी गईं।

    थाना प्रभारी राजबली सिंह ने बताया कि दुल्हन की मां की हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी तहरीर पर ज्ञानप्रकाश व अज्ञात के विरुद्ध मारपीट, तोड़फोड़, अभद्रता, धमकाने की धारा में प्राथमिकी पंजीकृत की गई है।