Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Politics: 'कांवड़ यात्रा को विवादित करने का प्रयास कर रही सपा, षड़यंत्र की आशंका'; भूपेंद्र चौधरी ने साधा निशाना

    Updated: Sun, 20 Jul 2025 09:28 AM (IST)

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने सपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव को सनातन विरोधी बताया। उन्होंने कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि धार्मिक आयोजनों का सम्मान किया जाएगा। चौधरी ने आइएनडीआइए गठबंधन को स्वार्थी लोगों का समूह बताया और शिक्षक की कविता पर नाराजगी जताई। उन्होंने पंचायत चुनाव और संगठनात्मक तैयारियों की भी जानकारी दी।

    Hero Image
    सर्किट हाउस में जिलाध्यक्षों के साथ प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी।

    जागरण संवाददाता, बरेली। कांवड़ यात्रा करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी है। हमारी सरकार ने कांवड़ यात्रा सकुशल निकालने की व्यवस्था की है। अगर कोई इसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास भी करेगा तो विधि संवत कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में कानून का राज स्थापित है और अराजकता की अनुमति किसी को नहीं है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शहर में पत्रकारों से यह बातें कहीं। उन्होंने सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी और आईएनडीआईए गठबंधन पर निशाना साधा। प्रदेश में कांवड़ यात्रा को लेकर हो रही घटनाओं पर षड़यंत्र की आशंका जताई।

    प्रदेश अध्यक्ष बोले, कि समाजवादी पार्टी द्वारा धार्मिक आयोजन को विवादित करने का प्रयास किया जा रहा है। घटनाओं के संबंध में पुलिस जांच कर रही है, इसलिए फिलहाल कुछ कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है, किसी की आस्था को आहत करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। बोले, योगी सरकार ने हर समुदाय के पर्व-त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए पहले से योजनाबद्ध व्यवस्था की है।

    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने अखिलेश यादव को कहा सनातन विरोधी

    प्रदेश अध्यक्ष ने अखिलेश यादव को सनातन विरोधी बताया। बोले, उनकी पार्टी ने बहुसंख्यक समाज की धार्मिक भावनाओं को लज्जित करने का काम किया है। आईएनडीआईए गठबंधन को स्वार्थी लोगों का गठबंधन बताया। बोले, जनता इनका चरित्र जानती है। बेमेल गठबंधन को देश की राजनीति में कोई स्थान नहीं देगा।

    प्रदेश अध्यक्ष ने बरेली के शिक्षक रजनीश गंगवार की कविता ''कांवड़ लेने मत जाना तुम, ज्ञान का दीप जलाना'' पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, किसी भी धर्म की भावनाओं को चोट पहुंचाना पूरी तरह निंदनीय है। हमारी सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है। कुछ लोग गलत लक्ष्य बनाकर काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को सरकार प्रतिबंधित कर कार्रवाई कर रही है।

    आईएनडीआईए स्वार्थी और बेमेल लोगों का गठबंधन, राजनीति में नहीं रहा स्थान

    त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बारे में बोले, आरक्षण के बाद जिला पंचायत के प्रत्याशी घोषित होंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव पर बोले, तैयारी पूरी है। केंद्रीय नेतृत्व जब चाहेगा, घोषणा कर दी जाएगी।

    इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिहं, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, सांसद छत्रपाल सिंह, महापौर डा. उमेश गौतम, पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर, डा. विनोद पागरानी समेत अन्य उपस्थित रहे।

    दिवंगत पार्षद के घर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष

    प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी कुछ दिन पूर्व दिवंगत हुए पार्षद आरेंद्र अरोरा के जनकपुरी स्थित आवास पर गए। उनके परिवार वालों को ढांढस बधाया। कूर्मांचल नगर में यतिन भाटिया के घर में पहुंचे। उनके पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।

    प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य के घर जाकर भी मुलाकात की। इससे पूर्व शहर पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री का पदाधिकारियों व नेताओं ने स्वागत किया।

    ये भी पढ़ेंः बरेली में कार सवारों की दादागिरी! चेकिंग के दौरान होमगार्ड को बोनट पर टांगकर 4.5 KM तक घसीटा

    comedy show banner
    comedy show banner