Bareilly News: बेसहारा पशुओं के झुंड से घेरा गया था मंत्री का काफिला, 90 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
Bareilly News पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह का काफिला रोकने में 90 अज्ञात लोगों पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई। आरोप है कि इन लोगों ने बेसहारा पशुओं को एकत्र कर जानबूझकर मंत्री की कार के सामने हांक दिया था। मंत्री व अधिकारियों ने लोगों को हटाना चाहा तो नोकझोंक की। घटना के दिन मंत्री ने इसे सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र बताया था।

जागरण संवाददाता, बरेली : पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह का काफिला रोकने में 90 अज्ञात लोगों पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई। आरोप है कि इन लोगों ने बेसहारा पशुओं को एकत्र कर जानबूझकर मंत्री की कार के सामने हांक दिया था।
मंत्री व अधिकारियों ने लोगों को हटाना चाहा तो नोकझोंक की। घटना के दिन मंत्री ने इसे सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र बताया था। उनका कहना था कि कुछ लोगों के उकसावे पर ऐसा किया गया। जिन किसानों ने अपनी पालतू गायों को दूध न देने पर छोड़ दिया, उनके विरुद्ध कार्रवाई कराएंगे।
17 अगस्त को रोका गया था मंत्री का रास्ता
17 अगस्त को मंत्री धर्मपाल सिंह पॉलीक्लीनिक का शिलान्यास एवं भूमि पूजन करने जा रहे थे। पिपरिया उपराला गांव के पास कई लोगों ने बेसहारा पशुओं का झुंड उनके काफिला के सामने बढ़ा दिया। पशुओं के कारण गाड़ियां रोकी गईं तो प्रदर्शनकारी नारेबाजी करने लगे।
उनका कहना था कि बार-बार आश्वासन के बावजूद बेसहारा पशुओं से निजात का इंतजाम नहीं किया जा रहा है। ये पशु खेतों में घुसकर फसल बर्बाद कर रहे। इस पर मंत्री ने समाधान का आश्वासन दिया मगर, नारेबाजी होती रही।
आधा घंटा तक मंत्री ने प्रदर्शनकारियों से बात की, समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रकरण शांत हुआ। पशु चिकित्साधिकारी संजय वर्मा ने जानबूझकर रास्ता रोकने एवं शिलान्यास बाधित करने का आरोप लगाकर प्राथमिकी लिखाई।
अखिलेश यादव ने किया तंज
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 17 अगस्त की घटना का वीडियो अपने इंटरनेट मीडिया एकाउंट पर पोस्ट की। उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि भाजपा नेताओं का विशेष रास्ता रोको स्वागत बेसहारा पशुओं से किया जा रहा है...आखिर जनता की तकलीफ मंत्रीजी को भी तो पता चले।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।