बरेली में प्रेमिका को निर्वस्त्र कर हाईवे पर फेंकने वाले डॉक्टर पर FIR दर्ज, पुलिस ने किया गिरफ्तार
बरेली में एक डॉक्टर ने अपनी प्रेमिका नर्स से पीछा छुड़ाने के लिए उसे इंजेक्शन लगाकर बेसुध कर दिया और सड़क पर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। युवती ने बताया कि डॉक्टर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, बरेली। प्रेमिका नर्स से पीछा छुड़ाने के लिए बर्बरता करने वाले डॉक्टर श्रीपाल के विरुद्ध प्राथमिकी लिखी गई है। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने भी स्वीकार लिया कि उसी ने घटना को अंजाम दिया था। नग्न कर इसलिए फेंका ताकि, पुलिस को गुमराह किया जा सके।
बदायूं निवासी युवती ने पुलिस को बयान दिया कि मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात बीसलपुर चौराहा स्थित अस्पताल के डॉक्टर श्रीपाल से हो गई थी। इसके बाद कुछ महीनों तक उसने डॉक्टर के अस्पताल में भी काम किया। इसका फायदा उठाकर डॉक्टर ने उससे संबंध बनाए और शादी का झांसा दिया। कुछ दिनों बाद उसके किराए के कमरे में ही शादी कर ली। कहा कि जल्द ही कोर्ट मैरिज भी कर लेगा। यही झांसा देकर वह उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
महिला का कहना है कि कई दिनों से उसके पेट में दर्द था। मंगलवार को उसने डॉक्टर को बताया तो वह दवा देने के लिए घर आ गया। आरोप है कि उपचार के बहाने तीन इंजेक्शन लगाकर बेसुध कर दिया। इसके बाद क्या हुआ, उसे याद नहीं।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात 12 बजे किसी ग्रामीण ने डायल 112 को सूचना दी कि हाईवे पर इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के पास लहूलुहान निर्वस्त्र युवती पड़ी है। पुलिस ने उसे उपचार को भर्ती कराया। पूछताछ में डॉक्टर का नाम सामने आने पर पुलिस ने उसे भी हिरासत में लिया। डॉक्टर ने बताया कि वह उसी ने उसके साथ ऐसा किया था। कार में ड्रिप लगाने के बाद नग्न कर बीच सड़क फेंक दिया। ताकि पुलिस अज्ञात से दुष्कर्म के मामले में उलझकर रह जाए। पुलिस ने महिला के शिकायती पत्र पर आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी लिख ली है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।