विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांदा में पड़ोसी महिला पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, नाली में कूदकर बचाई जान

Published: Sat, 10 Oct 2026 11:00 PM (IST)

बांदा के पटेल नगर में पड़ोसी युवक ने गाली गलौज का विरोध करने पर एक महिला पर पेट्रोल डालकर आग ...और पढ़ें

उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती प्रिया। जागरण

उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती प्रिया। जागरण 

HighLights

  1. पटेल नगर में गाली-गलौज की शिकायत करने जा रही महिला पर युवक ने किया हमला  

  2. आग का गोला बनकर घर से बाहर निकली, 40 प्रतिशत झुलसी, गंभीर हालत में बांदा रेफर 

संवाद सहयोगी, नरैनी (बांदा)। बांदा के पटेल नगर में शनिवार सुबह पड़ोसी युवक ने गाली गलौज का विरोध करने पर महिला के ऊपर पांच लीटर की गैलन में भरा पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग से बचने के लिए महिला नाली में कूद गई। तब तक वह करीब 40 प्रतिशत झुलस चुकी थी। गंभीर हालत में उसे बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।

पटेल नगर निवासी दिवंगत अशोक कुमार की 32 वर्षीय पत्नी प्रिया सुबह घर में सफाई कर रही थी। तभी पड़ोसी अनुज घर में घुस आया और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने गैलन में भरा पेट्रोल प्रिया पर उड़ेल कर आग लगा दी। मां को जलता देख बेटी प्रभा ने बचाने का प्रयास किया।

इस बीच प्रिया घर के बाहर आग का गोला बनकर भागी। बाद में नगर पंचायत की पानी भरी नाली में कूदकर अपनी जान बचाई। बेटी उसे निजी वाहन से सीएचसी नरैनी ले गई। अधीक्षक विपिन शर्मा ने बताया कि महिला गंभीर रूप से झुलसी है। प्राथमिक उपचार और दवाएं देने के बाद उसे रेफर किया गया है।

बेटी प्रभा के अनुसार, अनुज कई दिनों से गाली गलौज कर रहा था। कई बार 112 पर शिकायत की गई, लेकिन पुलिस सिर्फ समझाकर चली गई। शनिवार को उसकी मां कोतवाली में शिकायत करने जा रही थी, इसी के विरोध में अनुज ने घटना को अंजाम दिया।

कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि पड़ोसियों ने भी घटना की पुष्टि की है। हालांकि, अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।

पेट्रोल पंप से भरवाई थी गैलन, लाइसेंस निरस्त कराने की मांग

कस्बा वासियों के मुताबिक आरोपित अनुज बांदा रोड के एक पेट्रोल पंप से पांच लीटर पेट्रोल कैन में भरा कर लाया था। गौरतलब है कि पेट्रोल पंपों ने कैन में पेट्रोल देने पर रोक लगाई गई थी, तो इतनी मात्रा में पेट्रोल कैसे दे दिया गया। कस्बा वासियों ने पेट्रोल पंप का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- फर्रुखाबाद में बरेली हाईवे पर लोडर व टैंकर की भिड़ंत, मां-बेटी की मौत, लहसुन व्यापारी समेत 4 घायल

यह भी पढ़ें- पितरों के लिए श्राद्ध का भोजन बनाते समय हादसा, व्यापारी के मकान में लगी आग, दंपती सहित 3 झुलसे, एक की मौत