Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Ballia: मंच पर हुई सपा नेताओं में तीखी झड़प, पार्टी में विरोधियों के साथ अपनों के बीच छिड़ी जंग

    By Sangram SinghEdited By: MOHAMMAD AQIB KHAN
    Updated: Thu, 04 May 2023 08:44 PM (IST)

    UP Nikay Chunav 2023 बलिया में समाजवादी पार्टी में विरोधियों के साथ अपनों के बीच जंग छिड़ी है। पार्टी में विरोधियों के साथ अपनों के बीच जंग छिड़ी है ज ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    UP Politics: मंच पर हुई सपा नेताओं में तीखी झड़प, पार्टी में अपनों के बीच छिड़ी जंग : जागरण

    बलिया, जागरण संवाददाता: नगर निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी में विरोधियों के साथ अपनों के बीच जंग छिड़ी है। यह तकरार अब खुलकर सामने आने लगी है। इस समय इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है जिसमें सार्वजनिक मंच पर ही सपा की अंतर्कलह साफ नजर आ रही है। इस स्थिति में कार्यकर्ता असमंजस में पड़ गए हैं।

    बेल्थरारोड में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष ने मंच पर माइक संभालते ही आक्रामक अंदाज में बोलना शुरू किया। उन्होंने बागी उम्मीदवारों का साथ देने पर पूर्व मंत्री नारद राय, सिकंदरपुर के विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी आदि को आड़े हाथों लिया।

    मंच से हुई तीखी झड़प

    इस दौरान मंच पर मौजूद रिजवी ने भी जवाब देना शुरू किया। सार्वजनिक रूप से दोनों में तीखी झड़प होने पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने जिलाध्यक्ष को समझाने की कोशिश की लेकिन वे अपनी बात कह कर ही माने।

    सपा उम्मीदवार के खिलाफ पार्टी के ही विधायक ने खोला मोर्चा

    दरअसल सिकंदरपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर दिनेश चौधरी सपा के उम्मीदवार हैं। उनके खिलाफ उन्हीं की पार्टी के विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने मोर्चा खेल रखा है। वे पार्टी के पूर्व प्रत्याशी भीष्म यादव के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं।

    बागियों से कोई फर्क नहीं पड़ता

    वहीं बलिया नगर पालिका परिषद में पार्टी के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार लक्ष्मण गुप्ता हैं जबकि बागी संजय उपाध्याय को जिताने के लिए पूर्व मंत्री नारद राय लगे हैं। राजमंगल यादव ने कहा कि पार्टी अपने उम्मीदवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। पूरी ताकत से चुनाव लड़ा जाएगा। बागियों से कोई फर्क नहीं पड़ता। उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए शीर्ष नेतृत्व से सिफारिश की जाएगी।